Iran US tension update Donald Trump administration may launch an attack soon US forces in Middle East ईरान में तबाही के लिए US का नया प्लान, राहुल गांधी के सपोर्ट में उतरे उमर अब्दुल्ला: टॉप-5 न्यूज, India News in Hindi - Hindustan
More

ईरान में तबाही के लिए US का नया प्लान, राहुल गांधी के सपोर्ट में उतरे उमर अब्दुल्ला: टॉप-5 न्यूज

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव जल्दी ही एक बड़े युद्ध में बदल सकता है। अमेरिकी स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप प्रशासन ने इसके लिए एक खतरनाक प्लान भी तैयार कर लिया है, जिसके जरिए वह तेहरान को घुटनों पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।

Mon, 23 Feb 2026 06:39 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
ईरान में तबाही के लिए US का नया प्लान, राहुल गांधी के सपोर्ट में उतरे उमर अब्दुल्ला: टॉप-5 न्यूज

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्दी ही ईरान पर एक बड़े हमले का आदेश दे सकते हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप प्रशासन ईरान की परमाणु महत्वकांक्षा का अंत करने के लिए बड़े ही जोर-शोर से काम कर रहा है। इसके लिए तैयार किए गए प्लान में सबसे पहले तेहरान के ऊपर छोटे हमले किए जाएंगे और तब भी ईरान नहीं माना, तो फिर ईरान में तबाही मचाई जाएगी। वहीं, दूसरी ओर भारत की राजनीति में विपक्ष के नेतृत्व को लेकर राहुल गांधी के ऊपर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी को उमर अब्दुल्ला का साथ मिला है। उन्होंने कहा कि राहुल अपना काम बखूबी कर रहे हैं। ऐसे में नेतृत्व परिवर्तन का कोई सवाल नहीं है।

देश-दुनिया की पांच बड़ी खबरें पढ़िए लाइव हिन्दुस्तान के साथ…

ईरान पर हमले को अमेरिका तैयार, ना माना तो 2026 के अंत में तबाही पर विचार: NYT

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आने वाले दिनों में ईरान पर बड़े सैन्य हमला कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका की योजना है कि पहले छोटे हमले करके ईरान को दबाव में लिया जाए। अगर इन हमलों के बाद वह अपनी परमाणु हथियार महत्वाकांक्षा त्याग देता है तो ठीक। लेकिन अगर ईरान इसके बाद भी परमाणु हथियार बनाने की जिद करता है उसके खिलाफ बड़े हमले किए जाएं। हालांकि इससे पहले अमेरिका और ईरान के बीच गुरुवार को जेनेवा मे एक बैठक होने वाली है। इस बैठक को दोनों देशों के बीच युद्ध से बचने के आखिरी उपाय के रूप में देखा जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…

BJP से लड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी; राहुल गांधी के समर्थन में आए उमर अब्दुल्ला

विपक्षी पार्टियों के गठबंधन का नेतृत्व राहुल गांधी को करना चाहिए या फिर किसी और को? पिछले कुछ दिनों में इस सवाल को लेकर काफी चर्चा हो रही है। सबसे पहले इस सवाल को कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने ही बड़ी मुखरता से उठाया। इसके बाद तमाम नेताओं ने भी दबी जुबान से इसका समर्थन किया कि राहुल गांधी की जगह इंडिया ब्लॉक का नेतृत्व अब किसी और को करना चाहिए। अब इंडिया गठबंधन की प्रमुख सहयोगी और जम्मू-कश्मीर की सत्ताधारी पार्टी ने इस मुद्दे पर अपना रुख साफ कर दिया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि राहुल गांधी ने भाजपा से लड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी है, इंडिया ब्लॉक के नेतृत्व को लेकर कोई सवाल नहीं है। पढ़ें पूरी खबर…

BJP MP को ममता ने क्यों दिया सर्वोच्च सम्मान, चुनाव से पहले दीदी का कैसा दांव?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली 25 विशिष्ट हस्तियों को राज्य के नागरिक पुरस्कारों से सम्मानित किया है। 'अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस' के अवसर पर शनिवार को कोलकाता के देशप्रिय पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में इन हस्तियों को सम्मानित किया गया। ये सम्मान कला, संस्कृति, साहित्य, लोक प्रशासन और पब्लिक सर्विस में खास योगदान के लिए दिए जाते हैं। इस मौके पर सभी हस्तियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं आप सभी के प्रति अपना सर्वोच्च सम्मान प्रकट करती हूं और आपको बधाई देती हूं।" पढ़ें पूरी खबर…

अजित पवार प्लेन क्रैश: रोहित ने CBI जांच की मांग कर रही सरकार पर बोला हमला

महाराष्ट्र के दिवंगत उप मुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे को लेकर अब राज्य में हलचल मची हुई है। लोगों के संशय को दूर करने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र से इस मामले में सीबीआई जांच करवाने की मांग की है। देवेंद्र फडणवीस सरकार की इस मांग को लेकर अब शरद गुट के विधायक रोहित पवार ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जो मांग की है, उससे केवल और केवल देरी होगी और कुछ भी सामने नहीं आएगा। पढ़ें पूरी खबर…

टैरिफ जाल में फंसे ट्रंप, इससे US ने जो कमाया लौटाना होगा? अधिकारियों ने बताया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का टैरिफ हथियार अब उनके ऊपर ही भारी पड़ता नजर आ रहा है। पिछले एक साल में ट्रंप ने लगभग दुनिया के हर देश को टैरिफ की धमकी दी थी। लेकिन अब अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा इन टैरिफ को अवैध ठहराए जाने के बाद यह ट्रंप के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब सवाल यह है कि क्या इन टैरिफ्स से अमेरिका ने जो भी पैसा कमाया है, वह आयातकों को लौटाना होगा? इस सवाल का जवाब सुप्रीम कोर्ट के फैसले में नहीं है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक रिफंड दिया जाएगा या नहीं... और यह किस प्रक्रिया के तहत दिया जाएगा, यह निचली अदालतें तय करेंगी। पढ़ें पूरी खबर…