India mourns Khamenei death Iran makes major announcement regarding America Israel and Europe read big news today खामेनेई की मौत पर भारत ने जताया शोक, अमेरिका, इजरायल और यूरोप को लेकर ईरान का बड़ा ऐलान; टॉप-5, India News in Hindi - Hindustan
More

खामेनेई की मौत पर भारत ने जताया शोक, अमेरिका, इजरायल और यूरोप को लेकर ईरान का बड़ा ऐलान; टॉप-5

Top News Today: भारत सरकार ने ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास पहुंचकर शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

Thu, 5 March 2026 06:55 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
खामेनेई की मौत पर भारत ने जताया शोक, अमेरिका, इजरायल और यूरोप को लेकर ईरान का बड़ा ऐलान; टॉप-5

Top News Today: भारत सरकार ने ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास पहुंचकर शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। दूसरी ओर, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने बड़ा ऐलान किया है। IRGC ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य अब केवल संयुक्त राज्य अमेरिका, इजरायल, यूरोप और उनके पश्चिमी सहयोगियों के जहाजों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। ईरान ने चेतावनी दी है कि ऐसे किसी भी जहाज पर हमला किया जा सकता है जो इस जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश करेगा। पढ़ें आज की बड़ी खबरें...

खामेनेई की मौत पर भारत ने जताया गहरा दुख

भारत सरकार ने ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने गुरुवार को नई दिल्ली में ईरानी दूतावास पहुंचकर शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना जताई। उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे, जिसमें सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। पढ़ें पूरी खबर...

होर्मुज जलडमरूमध्य अब अमेरिका, इजरायल और यूरोप के लिए बंद

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ी घोषणा की है। ईरान ने स्पष्ट किया है कि यह महत्वपूर्ण जलमार्ग अब संयुक्त राज्य अमेरिका, इजरायल, यूरोप और उनके पश्चिमी सहयोगियों के जहाजों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यह ऐलान गुरुवार को ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के जरिए किया गया। आईआरजीसी ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका, इजरायल, यूरोप या उनके समर्थक देशों का कोई भी जहाज इस जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश करता है, तो उस पर हमला किया जाएगा और जहाज को नष्ट कर दिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...

आईआरआईएस डेना पर अमेरिकी हमले पर मोदी सरकार की खामोशी से कांग्रेस भड़की

अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों ने वैश्विक स्तर पर हलचल मचा दी है, वहीं भारत की घरेलू राजनीति में भी यह मुद्दा गरमाया हुआ है। हिंद महासागर में ईरानी युद्धपोत आईआरआईएस डेना को अमेरिकी पनडुब्बी द्वारा डुबोए जाने की घटना पर भारत सरकार की चुप्पी को लेकर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हिंद महासागर में हुई इस गंभीर घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की खामोशी साफ दर्शाती है कि देश के रणनीतिक और राष्ट्रीय हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। खरगे ने इसे न केवल भारत के राष्ट्रीय सिद्धांतों का अपमान बताया, बल्कि उस स्वतंत्र विदेश नीति का भी अपमान करार दिया, जिसे विभिन्न सरकारों ने कड़ी मेहनत से विकसित किया है। पढ़ें पूरी खबर...

सीजेआई सूर्यकांत ने भूटान के राजा से की मुलाकात

भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने गुरुवार को थिम्पू में भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक से मुलाकात की। इस दौरान सीजेआई ने भूटान में न्यायिक प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण और विकास के लिए तकनीकी सहायता तथा सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान का विस्तृत समर्थन देने की पेशकश की। सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि प्रधान न्यायाधीश ने भूटान की न्याय व्यवस्था को डिजिटल बनाने और मजबूत करने में व्यापक सहयोग का आश्वासन दिया। पढ़ें पूरी खबर...

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का तंज- रूस खुद हारा हुआ है, ईरान को क्या बचाएगा?

ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच चल रही जंग तेज होती जा रही है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि रूस अब खुलकर ईरान का साथ नहीं दे रहा है। जेलेंस्की ने तंज कसते हुए कहा कि रूस खुद ही बुरी तरह उलझा और कमजोर हो चुका है, तो वह दोस्त ईरान की मदद कैसे करेगा? उन्होंने दावा किया कि यूक्रेन के साथ चार साल से चल रहे युद्ध में रूसी सेना न केवल थक चुकी है, बल्कि हताश भी है। इसलिए रूस चाहकर भी ईरान को कोई ठोस सहायता नहीं दे पा रहा है। पढ़ें पूरी खबर...

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।