India did not even have a scratch American newspaper exposed Pakistan through satellite pictures भारत को खरोंच तक नहीं, अमेरिकी अखबार ने कैसे सैटेलाइट तस्वीरों से खोली पाकिस्तान की पोल, India News in Hindi - Hindustan
More

भारत को खरोंच तक नहीं, अमेरिकी अखबार ने कैसे सैटेलाइट तस्वीरों से खोली पाकिस्तान की पोल

पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने भारत के उधमपुर और आदमपुर एयरबेस को निशाना बनाया, लेकिन सैटेलाइट तस्वीरों और भारतीय अधिकारियों ने इन दावों को खारिज कर दिया।

Thu, 15 May 2025 08:57 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
भारत को खरोंच तक नहीं, अमेरिकी अखबार ने कैसे सैटेलाइट तस्वीरों से खोली पाकिस्तान की पोल

पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इसमें आतंकवादियों के 9 ठिकानों को निशाना बनाया गया। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिशि की। इसका प्रतिकार करते हुए भारत ने पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों में तबाही मचा दी। अमेरिकी अखबरा न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी एक डिटेल रिपोर्ट में सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए भारत सरकार के दावे पर मुहर लगा दी है। अखबार ने दिखाया है कि पाकिस्तान को किस पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। साथ ही पाकिस्तान के दावों की भी पोल खोलकर रख दी है।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, संघर्ष के दौरान दोनों देशों ने ड्रोन और प्रिसिजन गाइडेड मिसाइलों का इस्तेमाल किया, लेकिन भारत के हमले अधिक सटीक और रणनीतिक थे। रिपोर्ट में कहा गया, “जब संघर्ष प्रतीकात्मक हमलों से आगे बढ़कर रक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने लगा तब भारत ने स्पष्ट रूप से बढ़त हासिल कर ली।”

पाकिस्तानी दावों पर उठाए सवाल

पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने भारत के उधमपुर और आदमपुर एयरबेस को निशाना बनाया, लेकिन सैटेलाइट तस्वीरों और भारतीय अधिकारियों ने इन दावों को खारिज कर दिया। 12 मई को ली गई सैटेलाइट तस्वीरों में उधमपुर एयरबेस को कोई नुकसान नहीं दिखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं आदमपुर एयरबेस का दौरा किया, जिससे पाकिस्तान के दावे और अधिक संदिग्ध हो गए।

सैटेलाइट तस्वीरों से साफ पता चल रहा है कि भारत ने कैसे सटीक निशाना साधते हुए कराची के पास भोलारी एयर बेस पर मिसाइल से विमान हैंगर को नुकसान पहुंचाया। इसी की तरह पाकिस्तान के परमाणु कमांड और सेना मुख्यालय से सटे नूर खान एयर बेस पर भी हमला किया गया, जिसकी पहले और बाद की तस्वीर जारी की गई है। रहीम यार खान और सरगोधा एयरबेस पर भी भारत ने रनवे को नुकसान पहुंचाया है।

न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में नूर खान एयर बेस पर हुए हमले को सबसे अधिक घातक करार दिया है। रिपोर्ट में लिखा है, “संभवतः यह भारत द्वारा किया गया सबसे संवेदनशील सैन्य टारगेट था।”