Humayun Kabir Received 50 Percent of Money for Mosque Construction from Bangladesh claims Shubhendu Adhikari हुमायूं कबीर को मस्जिद निर्माण के लिए 50 फीसदी पैसा बांग्लादेश से मिला, शुभेंदु अधिकारी का दावा, India News in Hindi - Hindustan
More

हुमायूं कबीर को मस्जिद निर्माण के लिए 50 फीसदी पैसा बांग्लादेश से मिला, शुभेंदु अधिकारी का दावा

कबीर ने बांग्लादेश की यात्रा के लिए कहा कि मेरी यात्रा का पूरा ब्यौरा खुली किताब की तरह सबके सामने है। मैं 10 अक्टूबर को शाम पांच बजे मालदा होते हुए भारत लौटा हूं। अगर शुभेंदु अधिकारी चाहें तो मैं उन्हें अपनी पूरी यात्रा का कार्यक्रम भेज सकता हूं।

Tue, 17 Feb 2026 07:52 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
हुमायूं कबीर को मस्जिद निर्माण के लिए 50 फीसदी पैसा बांग्लादेश से मिला, शुभेंदु अधिकारी का दावा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को दावा किया कि जनता उन्नयन पार्टी (जेयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर को अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर यहां मस्जिद बनाने के लिए आधी धनराशि बांग्लादेश से मिली है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता अधिकारी ने दावा किया कि कबीर पिछले साल 28 सितंबर को एक सप्ताह के लिए धन की व्यवस्था करने बांग्लादेश गए थे।

अधिकारी ने दावा किया, ''कबीर ने मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में मस्जिद के लिए 50 प्रतिशत धनराशि बांग्लादेशी दानदाताओं से जुटाई है, जो जमात जैसे संगठनों से जुड़े हुए हैं। वह (कबीर) अल्पसंख्यकों के बीच बन रहे ममता बनर्जी विरोधी माहौल को रोकने के लिए टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) की गुपचुप तरीके से मदद कर रहे हैं।''

कबीर को जमात और टीएमसी के बीच की कड़ी बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया, ''इस्लामी कट्टरपंथी भारत और बांग्लादेश की सीमा के दोनों ओर अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं। बंगाली हिंदुओं के लिए स्थिति चिंताजनक है।'' टीएमसी से निष्कासित कबीर ने पलटवार करते हुए दावा किया कि अधिकारी ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है, जो उनके बेतुके दावों से स्पष्ट है।

कबीर ने बांग्लादेश की यात्रा के लिए कहा, ''मेरी यात्रा का पूरा ब्यौरा खुली किताब की तरह सबके सामने है। मैं 10 अक्टूबर को शाम पांच बजे मालदा होते हुए भारत लौटा हूं। अगर शुभेंदु अधिकारी चाहें तो मैं उन्हें अपनी पूरी यात्रा का कार्यक्रम भेज सकता हूं।'' उन्होंने कहा, ''मैं सोच भी नहीं सकता कि कोई इतना नीच काम कर सकता है और बांग्लादेश की मेरी यात्रा को बाबरी मस्जिद के वित्तपोषण से जोड़ सकता है। बाबरी मस्जिद के लिए पूरे भारत के लोगों ने उदारतापूर्वक दान दिया है और सब कुछ पारदर्शी है।''

कबीर ने बताया कि वह बांग्लादेश अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से मुलाकात करने गए थे। उन्होंने कहा कि अधिकारी को मस्जिद के लिए धन के स्रोत का पता लगाने के साथ-साथ बांग्लादेश की मेरी यात्रा की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जांच की मांग करनी चाहिए। बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी पर पिछले साल छह दिसंबर को कबीर ने इस मस्जिद की नींव रखी थी।

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।