स्पाइसजेट के चार स्टाफ को यात्री ने बेरहमी से पीटा, एयरलाइन का दावा- रीढ़ की हड्डी तक टूटी
स्पाइसजेट की फ्लाइट से सफर करने वाले एक यात्री पर एयरलाइन के चार कर्मियों के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है। एयरलाइन का आरोप है कि इस दौरान उ्न्हें लात-घूंसे मारे गए क्यू स्टैंड से पीटा गया, जिससे कर्मचारियों की रीढ़ की हड्डी तक टूट गई।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक आर्मी अधिकारी पर स्पाइसजेट के चार कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का आरोप है। एयरलाइन का आरोप है कि कर्मचारियों को लात-घूंसे मारे गए, क्यू स्टैंड से पीटा गया, जिससे उनकी की रीढ़ की हड्डी तक टूट गई। इस दौरान एक कर्मचारी बेहोश भी हो गया लेकिन आर्मी अफसर नहीं रुका। वह तब भी कर्मचारी को पीटता रहा। ये घटना फ्लाइट में चढ़ने से पहले हुई। एयरलाइन के प्रवक्ता का कहना है कि यात्री के पास जो सामान था, वह अनुमत सीमा के 10 गुना से भी ज्यादा था। ऐसे में उससे एक्सट्रा समान के लिए चार्ज देने के लिए कहा गया था। लेकिन यात्री नहीं माना और बोर्डिंग प्रोसेस पूरा किए बिना ही एयरोब्रिज में घुस गया। इसके बाद जब उसे वापस गेट पर लाया गया तो उसने मारपीट शुरू कर दी।
स्पाइसजेट प्रवक्ता के मुताबिक घटना 26 जुलाई की है जहां आर्मी अफसर श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट SG-386 के बोर्डिंग गेट पर स्पाइसजेट ग्राउंड स्टाफ के चार सदस्यों के साथ मारपीट की। प्रवक्ता ने बताया कि यात्री सीनियर आर्मी अधिकारी है। उन्होंने बताया कि उनके पास दो केबिन बैगेज थे, जिनका कुल वजन 16 किलो था, जो 7 किलो की अनुमत सीमा से दोगुना से भी ज्यादा था। जब उनसे विनम्रता से एक्सट्रा सामान के बारे में बताया गया और इसके लिए लागू चार्ज देने के लिए कहा गया, तो उन्होंने इनकार कर दिया और बोर्डिंग प्रक्रिया पूरी किए बिना ही जबरदस्ती एयरोब्रिज में घुस गया।
वापस गेट पर लेकर आए तो भड़क गया अधिकारी
इसके बाद सीआईएसएफ के एक अधिकारी ने उसे वापस गेट तक पहुंचाया। गेट पर, यात्री का व्यवहार और भी आक्रामक हो गया और उसने स्पाइसजेट ग्राउंड स्टाफ के चार सदस्यों के साथ मारपीट की। प्रवक्ता ने बताया कि यात्री इस कदर आक्रामक हो गया कि उसने चारों कर्मचारियों को बेरहमी से पीटा। एक कर्मचारी जब बेहोश हो चुके अपने साथी की मदद के लिए नीचे झुका तो उसके जबड़े पर जोरदार लात मारी जिससे उसके नाक और मुंह से खून बहने लगा। घायल कर्मचारियों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज जारी है।
प्रवक्ता ने कहा, स्थानीय पुलिस में एक एफआईआर दर्ज की गई है और एयरलाइन ने नागरिक उड्डयन नियमों के अनुसार यात्री को नो-फ्लाई सूची में डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्पाइसजेट ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर अपने कर्मचारियों पर हुए जानलेवा हमले की जानकारी दी है और यात्री के खिलाफ उचित कार्रवाई का अनुरोध किया है। एयरलाइन ने एयरपोर्ट के अधिकारियों से घटना का सीसीटीवी फुटेज लेकर पुलिस को सौंप दिया है।




साइन इन