Former Prime Minister Manmohan Singh passes away entire country including PM Modi mourning पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन, पीएम मोदी समेत शोक में डूबा पूरा देश, किसने क्या कहा, India News in Hindi - Hindustan
More

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन, पीएम मोदी समेत शोक में डूबा पूरा देश, किसने क्या कहा

  • Former Prime Minister Manmohan Singh: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर पूरा देश शोक मना रहा है। पीएम मोदी समेत बहुत सारे नेताओं ने अपने पूर्व प्रधानमंत्री के लिए अपना शोक व्यक्त किया।

Thu, 26 Dec 2024 11:12 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन, पीएम मोदी समेत शोक में डूबा पूरा देश, किसने क्या कहा

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज दिल्ली के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें उम्र संबंधी बीमारियों से परेशानी के चलते अस्पताल में लाया गया था। दस साल तक देश के प्रधानमंत्री रहे डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन पर देशभर के तमाम नेताओं ने अपनी श्रृद्धांजली दी। कांग्रेस की नेत्री प्रियंका गांधी और शशि थरूर उनके दर्शन के लिए एम्स पहुंचे तो बीजेपी की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष और स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा पूर्व प्रधानमंत्री के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रृद्धांजलि देते लिखा कि भारत आज अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉक्टर मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। वह एक साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी। संसद में उनका हस्तक्षेप भी व्यावहारिक था। हमारे प्रधान मंत्री के रूप में, उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।

देश निर्माण में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा- सलमान खुर्शीद

वहीं कांग्रेस नेता और मनमोहन सिंह कैबिनेट में रहे सलमान खुर्शीद ने उनके निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनके कामों को और देश के निर्माण में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

वित्तमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में बेहतर काम किया- अमित शाह

गृहमंत्री अमित शाह ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। भारतीय रिजर्व बैंक में गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।

सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने जताया शोक

सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने भी पूर्व पीएम के निधन पर अपना दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन का समाचार सुनकर अतीव दु:ख हुआ। देश के वित्तमंत्री के रूप में भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का कार्य उन्होंने किया। उच्चशिक्षित होने के साथ साथ विनम्र, शालीन, संवेदनशील और देश के प्रति समर्पित ऐसा उनका व्यक्तित्व था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मनमोहन सिंह के LPG की कहानी, सफल हुए तो श्रेय दोनों को; फेल हुए तो आपकी नाकामी
ये भी पढ़ें:क्यों मनमोहन सिंह को कहना पड़ा- मीडिया ने नहीं किया पर इतिहास मुझ पर रहम करेगा
ये भी पढ़ें:जब मनमोहन सिंह और सुषमा स्वराज में चला शायरी 'दंगल', संसद में खूब लगे ठहाके

मैंने अपना मार्गदर्शक खो दिया- राहुल गांधी

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर अपना शोक जताया। उन्होंने लिखा कि पूर्व पीएम डॉक्टर मनमोहन सिंह ने अपनी असीम बुद्धि और निष्टा के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया। उनके परिवार को मेरी ओर से हार्दिक संवेदना। आज मैंने अपना एक गुरू और एक मार्गदर्शक खो दिया। हम हमेशा उन्हें याद रखेंगे।

मनमोहन सिंह का निधन देश के लिए एक बड़ी क्षति- राष्ट्रपति कार्यालय

राष्ट्रपति भवन की तरफ से लिखा गया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह जी उन दुर्लभ राजनेताओं में से एक थे जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में भी समान सहजता के साथ काम किया। सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन और उनकी अत्यंत विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका निधन हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

आर्थिक ही नहीं रणनीतिक सुधारों में भी महत्वपूर्ण योगदान- विदेश मंत्री

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि आज उनके निधन का समाचार सुन बहुत दुख हुआ। हालांकि उन्हें आधुनिक भारत के आर्थिक सुधारों का जनक माना जाता है लेकिन वह हमारी विदेश नीति में रणनीतिक सुधारों के लिए भी उतने ही जिम्मेदार थे। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे उनके साथ मिलकर काम करने का मौका मिला।