First they question EVM then praise it Election Commissioner Jibe at Elon Musk पहले EVM पर सवाल उठाते हैं, फिर करते हैं तारीफ; चुनाव आयुक्त ने एलन मस्क पर कसा तंज, India News in Hindi - Hindustan
More

पहले EVM पर सवाल उठाते हैं, फिर करते हैं तारीफ; चुनाव आयुक्त ने एलन मस्क पर कसा तंज

  • मस्क ने भारत में चुनाव के दौरान कहा था कि ईवीएम को हैक किया जा सकता है। इस पर राजीव कुमार ने कहा है कि जो शख्स ऐसा कह रहा है उसके खुद के देश में ईवीएम का इस्तेमाल नहीं होता है।

Tue, 7 Jan 2025 02:55 PMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
पहले EVM पर सवाल उठाते हैं, फिर करते हैं तारीफ; चुनाव आयुक्त ने एलन मस्क पर कसा तंज

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने भारत में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को लेकर उठाए जा रहे तमाम सवालों का विस्तार से जवाब दिया है। मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा करने से पहले चुनाव आयुक्त ने साफ शब्दों में कहा कि ईवीएम को किसी भी तरह से हैक नहीं किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए अमेरिकी अरबपति एलन मस्क पर भी निशाना साधा।

दरअसल दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने भारत में चुनाव के दौरान कहा था कि ईवीएम को हैक किया जा सकता है और उन्हें इस पर भरोसा नहीं है। इस पर राजीव कुमार ने कहा है कि जो शख्स ऐसा कह रहा है उसके खुद के देश में ईवीएम का इस्तेमाल नहीं होता है।

मस्क पर तंज कसते हुए भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, "EVM को लेकर एक गलत नैरेटिव पेश किया जाता है। एक ग्लोबल एक्सपर्ट हैं आईटी के। जब हमारा चुनाव चल रहा था तब उन्होंने कहा था कि ईवीएम हैक की जा सकती हैं। अरे भाई वहां ईवीएम होती ही नहीं हैं। उनके यहां जो है उसे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मैकेनिज्म कहा जाता है। वह ईवीएम नहीं है। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन होती हैं जो वोट रिकॉर्ड करती हैं। इसके बाद भी यहां हल्ला हो गया कि वो बोल रहे हैं कि ईवीएम हैक हो सकती हैं। अभी क्या कहा उसी एक्सपर्ट ने कि 'हमें तो एक डेढ़ महीना वोट काउंटिंग में लगे। भारत में तो एक दिन में ही काउंटिंग हो जाती है।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:LIVE: दिल्ली में चुनाव की तारीख का ऐलान, 5 फरवरी को होगा मतदान, 8 को आएंगे नतीजे
ये भी पढ़ें:रात को 11 बजे कैसे बढ़ जाता है वोट परसेंट, मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया

राजीव कुमार ने कहा कि लोग उसी नैरेटिव को फॉलो करने लगते हैं जो उन्हें सूट करता है। बता दें कि अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क ने अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से पहले कहा था कि वोटिंग मशीनों से चुनाव में धांधली होती है। उन्होंने मतपत्रों से चुनाव कराने की मांग की थी। उन्होंने कहा था, "मैं खुद तकनीक से जुड़ा हूं। यही वजह है कि कंप्यूटर प्रोग्राम पर अधिक भरोसा नहीं कर सकता। इसे हैक करना आसान है।" हालांकि इन्हीं एलन मस्क ने भारत में मतगणना की भी तारीफ की थी। मस्क ने अमेरिकी चुनाव में हो रही गणना की काउंटिंग पर सवाल उठाते हुए भारत का उदाहण दिया था कि कैसे वहां एक ही दिन में मतगणना हो जाती है जबकि अमेरिका में एक से डेढ़ महीना लग जाता है।