Fake video of Tharoor praising Pakistan goes viral Congress leader clarifies पाकिस्तान की तारीफ करते शशि थरूर का फर्जी वीडियो वायरल, कांग्रेस नेता ने दी सफाई, India News in Hindi - Hindustan
More

पाकिस्तान की तारीफ करते शशि थरूर का फर्जी वीडियो वायरल, कांग्रेस नेता ने दी सफाई

कांग्रेस सांसद शशि थरूर का एक फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह टी-20 विश्वकप में पाकिस्तान द्वारा भारत के मैच के बहिष्कार करने के फैसले को रणनीतिक जीत करार दे रहे हैं। कांग्रेस सांसद ने इस वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे फर्जी करार दिया है।

Thu, 12 Feb 2026 09:38 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
पाकिस्तान की तारीफ करते शशि थरूर का फर्जी वीडियो वायरल, कांग्रेस नेता ने दी सफाई

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने उनके एक फर्जी वायरल वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इस फर्जी वीडियो में थरूर भारत और पाकिस्तान टी-20 वर्ल्डकप मैच को पाकिस्तान की तरफ से बॉयकॉट करने के फैसले की सराहना करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को एक पाकिस्तानी हैंडल द्वारा साझा किया गया, जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए थरूर ने इसे पूरी तरह से झूठा और गलत करार दिया।

वीडियो को फर्जी बताते हुए थरूर ने लिखा, "एआई से बनाई गई फेक न्यूज... वह भी अच्छी नहीं है। न तो यह मेरी भाषा है और न ही मेरी आवाज।" दरअसल यह वीडियो एक पाकिस्तानी हैंडल द्वारा डाली गई थी। इसमें थरूर की आवाज की क्लोनिंग करने की कोशिश की गई थी। समाचार एजेंसी एएनआई की इस वीडियो में थरूर जैसी आवाज सुनाई दे रही थी, जो कि टी20 वर्ल्डकप मैच के बहिष्कार को पाकिस्तान की कूटनीतिक रणनीति बताते हुए उसकी तारीफ कर रही थी।

इस वायरल वीडियो में फर्जी आवाज में कहा जाता है, "मुझे लगता है कि पाकिस्तान ने जो खेल खेला है, वह वाकई शानदार है। मैदान पर वे क्या करेंगे, पता नहीं लेकिन कूटनीतिक रूप से जो किया वह कमाल है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड पूरी तरह से दबाव में आ गया। यह सबक है कि अच्छी कूटनीति एक कमजोर देश को भी बड़ा दिखा सकती है। पाकिस्तान ने ऐसा किया मैं उसकी सराहना करता हूं। यह अकल्पनीय है।"

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पहले ही काफी बदनामी हो चुकी है; 'भारत बंद' के बीच शशि थरूर ने किसे सुनाया?

गौरतलब है कि बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किए जाने का शशि थरूर ने विरोध किया था। हालांकि, बीसीसीआई ने इसके बाद भी रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया बाद में बांग्लादेश ने आईसीसी को पत्र लिखकर अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया, जिसके बाद बीसीसीआई और बीसीबी के बीच में रिश्ते लगातार बिगड़ते गए। अंत में बांग्लादेश को टी20 विश्वकप से ही बाहर कर दिया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:न सरकार, न स्पीकर; किसी की नहीं दिलचस्पी, ओम बिरला और FM पर क्यों बरसे शशि थरूर

शशि थरूर ने बांग्लादेशी क्रिकेटर को आईपीएल से बाहर निकालने का विरोध जरूर किया था, लेकिन उन्होंने पाकिस्तान के समर्थन में कोई बात नहीं कही है। हालांकि शशि थरूर ऐसे पहले राजनेता नहीं है, जिनका क्रिकेट के सिलसिले में कोई फर्जी वीडियो वायरल हो रहा है। इसके पहले बीसीसीआई उपाध्यक्ष और कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला का भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद उन्होंने सफाई भी दी थी।