explain why mehul choksi arrested in belgium why waned in india विदेश में क्यों गिरफ्तार कर लिया गया मेहुल चौकसी, भारत में क्या कांड करके भागा था हीरा कारोबारी?, India News in Hindi - Hindustan
More

विदेश में क्यों गिरफ्तार कर लिया गया मेहुल चौकसी, भारत में क्या कांड करके भागा था हीरा कारोबारी?

  • बेल्जियम में मेहुल चौकसी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह भारत में 14 हजार करोड़ के बैंक फ्रॉड का आरोपी है। इसके अलावा बेल्जियम में रहने के लिए भी उसने फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया था।

Mon, 14 April 2025 10:14 AMAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
विदेश में क्यों गिरफ्तार कर लिया गया मेहुल चौकसी, भारत में क्या कांड करके भागा था हीरा कारोबारी?

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले के आरोपी मेहुल चौकसी को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक उसे सीबीआई के आग्रह पर बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया है। बेल्जियम के अधिकारियों को भेजे गए एक औपचारिक पत्र में उसे गिरफ्तार करने का आग्रह किया गया था। बेल्जियम पुलिस ने मुंबई कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर उसे गिरफ्तार किया है। इसके अलावा चौकसी पर बेल्जियम में रहने के लिए फर्जी दस्तावेज लगाने का भी आरोप है। वह किसी तरह भारत में प्रत्यर्पित होने से बचना चाहता था।

रिपोर्ट के मुताबिक मेहुल चौकसी ने बेल्जियम में रहने के लिए फर्जी घोषणापत्र दिया था। उसने अपनी राष्ट्रीयता से जुड़ी सही जानकारी भी नहीं दी थी। उसने भारत और एंटीगुआ के बारे में कुछ बताया ही नहीं था। जबकि 14 हजार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद वह भारत से भागा था। उसका भांजा नीरव मोदी भी इसमें शामिल था। दोनों ने मिलकर बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी लेटर्स ऑफ अंडरटेकिंग के जरिए बैंक से खूब कर्जा ले लिया था। घोटाले का खुलासा होते ही मेहुल चौकसी और नीरव मोदी दोनों देश छोड़कर भाग गए।

कई देशों में रहा मेहुल चौकसी

मेहुल चौकसी ने एंटीगुआ और बारबुडा की भी नागरिकता ली थी। वहीं भारत सरकार ने उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया। सीबीआई और ईडी ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिए। 2021 में वह अचानक डोमिनिका में पकड़ा गया। वह रहस्यमय परिस्थितियों में एंटीगुआ से गायब हो गया। वहीं उसपर डोमिनिका में अवैध रूप से प्रवेश करने का आरोप था। बताया गया कि वह नाव के जरिए क्यूबा भागना चाहता था। इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि डोमिनिका से उसका प्रत्यर्पण नहीं करवाया जा सका। वहां की अदालत ने भी उसे रिहा कर दिया।

अंतरराष्ट्रीय हीरा व्यापारी

मेहुल चौकसी ने जूलरी का काम अपने पिता की छोटी सी दुकान से ही शुरू किया था। हालांकि उसने इसे बहुराष्ट्रीय कंपनी में तब्दील कर दिया। उसके गीतांजलि ग्रुप के कई ब्रैंड हैं जिनमें नक्षत्र, अस्मी, गिली, माया और डिआना शामिल हैं। बॉलिवुड सितारे भी खुब इन ब्रैंड्स का इस्तेमाल करते थे। उसका कारोबार, मध्य एशिया, अमेरिका और साउथ ईस्ट एशिया तक फैला हुआ था।

भारत सरकार इसी प्रयास में है कि बेल्जियम से मेहुल चौकसी का प्रत्यर्पित करवा लिया जाए। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बात की संभावना भी बन रह है। एक तो भारत के साथ बेल्जियम की प्रत्यर्पण संधि है। दूसरा भारत सरकार की एजेंसियों के आग्रह पर ही उसे गिरफ्तार किया गया है। हाल ही में भारत ने अमेरिका से 26/11 के आतंकी हमले के मुख्य आरोपियों में से एक तहव्वुर राणा को भी प्रत्यर्पित करवाया है।