Elections begin for 27 Rajya Sabha and 19 MLC seats EC issues notification Know Latest Update 27 राज्यसभा और 19 MLC सीटों पर चुनावी बिगुल, EC ने जारी किया नोटिफिकेशन; नामांकन शुरू, India News in Hindi - Hindustan
More

27 राज्यसभा और 19 MLC सीटों पर चुनावी बिगुल, EC ने जारी किया नोटिफिकेशन; नामांकन शुरू

देश की उच्च सदन राज्यसभा की 27 सीटों पर चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव आयोग ने सोमवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन चुनावों में 18 जून 2026 को मतदान होगा और परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे।

Mon, 1 June 2026 08:32 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
27 राज्यसभा और 19 MLC सीटों पर चुनावी बिगुल, EC ने जारी किया नोटिफिकेशन; नामांकन शुरू

देश की उच्च सदन राज्यसभा की 27 सीटों पर चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव आयोग ने सोमवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन चुनावों में 18 जून 2026 को मतदान होगा और परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे। यह चुनाव द्विवार्षिक (Biennial) तथा उपचुनाव दोनों श्रेणी के हैं। आयोग ने स्पष्ट किया कि 10 राज्यों की 24 सीटों पर नियमित द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं, जबकि महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की एक-एक सीट पर उपचुनाव कराए जाएंगे। इसके अलावा बिहार विधान परिषद की 10 और कर्नाटक विधान परिषद की 9 सीटों के लिए भी चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

कब से नामांकन?

चुनाव आयोग के अनुसार, नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 1 जून 2026 (सोमवार) को सुबह 11 बजे से शुरू हो गई है। उम्मीदवार 8 जून 2026 को दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन जमा कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) 9 जून को होगी तथा उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून 2026 रखी गई है। आयोग ने सभी संबंधित राज्यों में रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति भी कर दी है। चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए पूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

राज्यसभा चुनाव

आंध्र प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक: 4-4 सीटें

मध्य प्रदेश, राजस्थान: 3-3 सीटें

झारखंड: 2 सीटें

मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम: 1-1 सीट

कहां-कहां उपचुनाव

महाराष्ट्र: 1 सीट

तमिलनाडु: 1 सीट

ओडिशा: 1 सीट

विधान परिषद चुनाव

बिहार: 10 सीटें

कर्नाटक: 9 सीटें

इन नेताओं का कार्यकाल हो रहा खत्म

राज्यसभा के जिन मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल जून-जुलाई 2026 में समाप्त हो रहा है, उनमें कई दिग्गज नेता शामिल हैं। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (दोनों कर्नाटक से), केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह (राजस्थान), जॉर्ज कुरियन, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कांग्रेस नेता शक्तिसिंह गोहिल और नीरज डांगी (राजस्थान) आदि प्रमुख हैं। वहीं, महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के बाद खाली हुई राज्यसभा सीट पर उपचुनाव होगा। सुनेत्रा पवार अब महाराष्ट्र विधानसभा के लिए निर्वाचित हो चुकी हैं।

राजस्थान की दिलचस्प लड़ाई

राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों पर रोचक मुकाबला होने की संभावना है। यहां भाजपा के रवनीत सिंह और राजेंद्र गहलोत तथा कांग्रेस के नीरज डांगी का कार्यकाल पूरा हो रहा है। राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 118, कांग्रेस के 67, बसपा के 2, भारत आदिवासी पार्टी के 4, राष्ट्रीय लोक दल का 1 और 8 निर्दलीय विधायक हैं। संख्याबल के हिसाब से भाजपा को तीन में से दो सीटें और कांग्रेस को एक सीट मिलने की प्रबल संभावना है। हालांकि अंतिम परिणाम गठबंधनों और क्रॉस वोटिंग पर भी निर्भर करेगा।

एजेंसी इनपुट के साथ