Election Commission has transferred officials in Assam ahead of the assembly elections a move similar West bengal असम में चला चुनाव आयोग का चाबुक, ईरान का अमेरिका को बड़ा चैलेंज; टॉप-5 न्यूज, India News in Hindi - Hindustan
More

असम में चला चुनाव आयोग का चाबुक, ईरान का अमेरिका को बड़ा चैलेंज; टॉप-5 न्यूज

विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा होने के बाद चुनाव आयोग ऐक्शन में आ गया है। पश्चिम बंगाल में अधिकारियों के तबादले करने के बाद अब आयोग ने असम में भी पांच आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया है।

Mon, 16 March 2026 06:39 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
असम में चला चुनाव आयोग का चाबुक, ईरान का अमेरिका को बड़ा चैलेंज; टॉप-5 न्यूज

चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तारीख का ऐलान करने के बाद निर्वाचन आयोग ऐक्शन में आ गया है। आयोग ने पश्चिम बंगाल के बाद असम में भी अपना चाबुक चलाते हुए कई अधिकारियों के ट्रांसफर कर दिए हैं। वहीं, दूसरी तरफ पश्चिम एशिया की जंग और भी ज्यादा खतरनाक होती जा रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति की तरफ से ईरानी नौसेना को नष्ट करने के दावे को खारिज करते हुए आईआरजीसी ने कहा कि अगर उन्हें ऐसा लगता है तो अपनी नौसेना को फारस की खाड़ी में लेकर आएं।

देश-दुनिया की पांच बड़ी खबरें पढ़िए लाइव हिन्दुस्तान के साथ…

अब असम में चला EC का चाबुक, चुनाव कार्य से हटाए गए पांच IPS अफसर; आदेश में क्या?

पश्चिम बंगाल के बाद अब चुनाव आयोग का चाबुक असम में चला है। आगामी असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत आयोग ने राज्य में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के पांच अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं और उनकी जगह नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। आयोग ने यह कदम चुनावी तैयारियों की समीक्षा के बाद उठाया है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित हो सके। आयोग ने हटाए गए पांचों IPS अफसरों को चुनावी ड्यूटी से भी वंचित कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर…

खाड़ी में उतरने की हिम्मत दिखाओ; ईरान का US को ओपन चैलेंज, एक्सेप्ट करेंगे ट्रंप?

ईरान-अमेरिका युद्ध के तीसरे सप्ताह में प्रवेश करने के साथ ही पश्चिम एशिया में तनाव तेजी से और बढ़ रहा है। अमेरिका के सबसे उन्नत विमानवाहक पोत यूएसएस जेराल्ड आर फोर्ड को क्षेत्र में तैनात किया गया है, जिसके जवाब में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी जारी की है। आईआरजीसी के प्रवक्ता अली मोहम्मद नैनी ने प्रेस टीवी को दिए बयान में कहा कि अब तक युद्ध में इस्तेमाल की गई मिसाइलें कम से कम 10 साल पुरानी हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले साल जून में अमेरिका-इजरायल संघर्ष के बाद विकसित नए हथियारों का जखीरा अभी तक तैनात नहीं किया गया है। पढ़ें पूरी खबर…

RSS-रॉ पर लगे प्रतिबंध; US के धार्मिक आयोग की ट्रंप प्रशासन को सलाह, क्या आरोप?

संयुक्त राज्य अमेरिका की अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग ने ट्रंप प्रशासन से ‘राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ’ और भारत की खुफिया एजेंसी 'रॉ 'पर लक्षित प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है। आयोग का आरोप है कि इनकी वजह से भारत में धार्मिक स्वतंत्रता घटी है। भारत को धार्मिक स्वतंत्रता के मामले में'विशेष चिंता का देश' बताते हुए आयोग ने वाशिंगटन सरकार से कहा है कि वह भारत के साथ हथियार बिक्री और व्यापार नीतियों पर भी ध्यान दे। अभी तक भारतीय विदेश मंत्रालय ने USCIRF की इस नई रिपोर्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन पिछले वर्षों में आई रिपोर्ट्स को भारत सरकार ने सिरे से खारिज करते हुए पक्षपाती करार दिया था। पढ़ें पूरी खबर…

BJP ने बंगाल में जारी की 144 उम्मीदवारों की लिस्ट, ममता से शुभेंदु की सीधी फाइट

भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं। ऐसे में इस लिस्ट का अर्थ है कि भाजपा ने लगभग आधे कैंडिडेट्स के नाम घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने इस लिस्ट में नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी के नाम का भी ऐलान कर दिया है। उन्हें भवानीपुर विधानसभा सीट और नंदीग्राम सीट से उतारा गया है। अधिकारी ने 2021 के चुनाव में सीएम ममता बनर्जी को हराकर चौंका दिया था। ऐसे में एक बार फिर भाजपा ने ममता बनर्जी से उनकी ही सीधी फाइट का इरादा बना लिया है। इसी के तहत शुभेंदु अधिकारी को दो सीटों से उतारा गया है। वह एक तरफ नंदीग्राम में चुनाव लड़ेंगे, जहां से पिछली बार जीते थे तो वहीं भबानीपुर में वह सीएम को सीधी टक्कर देंगे। पढ़ें पूरी खबर…

आर्मेनिया और अजरबैजान...ईरान से कैसे निकाले जा रहे भारतीय, सरकार ने दी अपडेट

सैकड़ों भारतीय ईरान से बाहर निकल चुके हैं। इस बात की जानकारी भारत सरकार ने दी। यह नागरिक पड़ोसी देशों के माध्यम से ईरान से बाहर निकले हैं। एक इंटर मिनिस्ट्री ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस बारे में अपडेट साझा की। उन्होंने कहाकि 550 भारतीय नागरिकों ने जमीनी सीमा से आर्मेनिया में प्रवेश किया है। वहीं, 90 भारतीयों ने अजरबैजान में प्रवेश किया है। अमेरिकी-इजरायल और ईरान युद्ध के बाद पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच यहां फंसे भारतीयों की मदद में अधिकारी जुटे हुए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आगे बताया कि 284 भारतीय तीर्थ यात्रा के लिए ईरान गए थे। इनमें से कुछ पहले ही भारत लौट चुके हैं, जबकि अन्य के अगले कुछ दिनों में लौटने की उम्मीद है। पढ़ें पूरी खबर…