Elated by victory in West Bengal BJP has set its sights on these two states as its next targets पश्चिम बंगाल में मिली जीत से गदगद भाजपा, इन 2 राज्यों को बनाया अगला टारगेट, India News in Hindi - Hindustan
More

पश्चिम बंगाल में मिली जीत से गदगद भाजपा, इन 2 राज्यों को बनाया अगला टारगेट

भाजपा की सामाजिक पहुंच और संगठनात्मक ताकत को देखते हुए दक्षिण के यही दो राज्य ऐसे हैं, जहां वह अपने लिए बेहतर संभावनाएं देख सकती है। बाकी राज्यों में उसे अभी लंबा रास्ता तय करना है।

Sun, 14 June 2026 05:33 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली।
share
पश्चिम बंगाल में मिली जीत से गदगद भाजपा, इन 2 राज्यों को बनाया अगला टारगेट

BJP in Bengal: भाजपा नेतृत्व देश की राजनीति में अपने सबसे कमजोर दक्षिण क्षेत्र के लिए नई रणनीति तैयार कर रहा है। उसकी नजर दो साल बाद होने वाले तेलंगाना और कर्नाटक के विधानसभा चुनावों पर है, जहां वह अपनी सरकार के लिए बेहतर संभावना देख रही है। कर्नाटक में उसे कांग्रेस के पिछली हार का बदला लेकर सत्ता हासिल करनी है तो तेलंगाना में पश्चिम बंगाल की तरह खुद को बदलाव के विकल्प के रूप में पेश करना है।

भगवा पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि तेलंगाना के हालात उसके लिए सबसे बेहतर हैं। वहां नया राज्य बनने के बाद पहले बीआरएस और उसके बाद कांग्रेस सत्ता में रही है। बीआरएस को पिछले चुनाव में जनता ने खारिज कर दिया था और उसका कांग्रेस से भी मोहभंग हो चुका है। राज्य में बदलाव की भावना तेजी से बढ़ रही है। उनका मानना है कि दो साल में सत्ता विरोधी माहौल और बढ़ेगा।

भाजपा के लिए दक्षिण का दूसरा अहम राज्य कर्नाटक है, जहां वह कई बार सत्ता में रह चुकी है। यहां पर भाजपा की जड़ें गहरी हैं और उसे दक्षिण के अन्य राज्यों की तरह जमीन तैयार नहीं करनी है। सिर्फ संगठन और रणनीति को पैना करना है। पार्टी का मानना है कि मौजूदा कांग्रेस में सत्ता के बंटवारे के खेल में राज्य का विकास धीमा पड़ चुका है और जनता एक बार फिर भाजपा की तरफ देख रही है।

अन्य राज्यों में लंबा रास्ता बाकी

भाजपा की सामाजिक पहुंच और संगठनात्मक ताकत को देखते हुए दक्षिण के यही दो राज्य ऐसे हैं, जहां वह अपने लिए बेहतर संभावनाएं देख सकती है। बाकी राज्यों में उसे अभी लंबा रास्ता तय करना है।

कर्नाटक: 36% वोट के साथ जीतीं 66 सीटें

कर्नाटक में भी 2023 में विधानसभा चुनाव हुए थे और भाजपा ने 36 प्रतिशत वोट के साथ 66 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को 42.88 फीसदी वोट और 135 सीटें मिली थीं। जद (एस) को 13.30 फीसद वोट के साथ 19 सीटें मिली थीं। वर्तमान में भाजपा और जद (एस) गठबंधन में हैं। पार्टी के एक प्रमुख नेता का मानना है कि यह गठबंधन जारी रहता है तब भी और नहीं भी रहता है तब भी भाजपा राज्य में सत्ता में वापसी के लिए संकल्पित है।

तेलंगाना : पिछले चुनाव में बनी पहचान

भाजपा तेलंगाना में लोकसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करती रही है। विधानसभा चुनाव में उसने अपनी पहचान बना ली थी। 2023 के विधानसभा चुनाव में 19 सीटों में भाजपा को 13.9 फीसदी वोट और आठ सीटें मिली थी। पार्टी के तेलंगाना के प्रभारी महासचिव सुनील बंसल का कहना है कि यह स्थिति तब थी, जब जनता ने बीआरएस की जगह विकल्प के रूप में कांग्रेस को स्वीकार किया था। 2028 के चुनाव में जनता नए विकल्प की तलाश में है।