ED arrests I PAC director Vinesh Chandel from Delhi I-PAC पर ईडी का ऐक्शन, डायरेक्टर विनेश चंदेल दिल्ली से गिरफ्तार, India News in Hindi - Hindustan
More

I-PAC पर ईडी का ऐक्शन, डायरेक्टर विनेश चंदेल दिल्ली से गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय ने पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म आई-पैक के डायरेक्टर विनेश चंदेल को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी की तरफ से सोमवार को बताया गया कि पश्चिम बंगाल में कथित कोयला घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस के मामले में उनकी गिरफ्तारी की गई है।

Mon, 13 April 2026 10:23 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
I-PAC पर ईडी का ऐक्शन, डायरेक्टर विनेश चंदेल दिल्ली से गिरफ्तार

राजनीतिक पार्टियों को सलाह देने का काम करने वाली फर्म आई-पैक के निदेशक और सह संस्थापक विनेश चंदेल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी की तरफ से सोमवार को बताया गया कि पश्चिम बंगाल में कथित कोयला घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस के मामले में उनकी गिरफ्तारी की गई है।

इससे पहले 2 अप्रैल को ईडी ने चंदेल के दिल्ली स्थित कार्यालय, आई-पीएसी के सह-संस्थापक ऋषि राज सिंह के बेंगलुरु स्थित कार्यालय और आम आदमी पार्टी के पूर्व संचार प्रभारी विजय नायर के मुंबई स्थित कार्यालय सहित कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने 8 जनवरी को इस मामले के सिलसिले में आई-पीएसी कार्यालय और इसके संस्थापक और निदेशकों में से एक प्रतीक जैन के कोलकाता स्थित आवास पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी के बाद उस समय विवाद खड़ा हो गया जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ उक्त स्थानों पर पहुंचीं। इसके बाद यह मामला कोर्ट भी पहुंचा था, जहां ममता बनर्जी को कोर्ट ने फटकार भी लगाई थी।

क्या है मामला?

पॉलिटिकल फर्म आई-पैक और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा यह मामला नवंबर 2020 की एक एफआईआर को लेकर है। इस एफआईआर के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के आसनसोल और आसपास के कुनुस्तोरिया और काजोरा क्षेत्रों में स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (आई-पीएसी) की खदानों से संबंधित करोड़ों रुपये के कोयला चोरी घोटाले का आरोप लगाया गया है।

ईडी ने एक बयान में कहा था कि इस कथित कोयला तस्करी गिरोह से जुड़े एक हवाला ऑपरेटर ने I-PAC की कंपनी इंडियन पीएसी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड को करोड़ों रुपये के लेनदेन में मदद की थी।