Donald Trump shows angers towards India and Russia after 25 percent tariff ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था को मरी हुई बताया, रूस का नाम लेकर जमकर सुनाया, India News in Hindi - Hindustan
More

ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था को मरी हुई बताया, रूस का नाम लेकर जमकर सुनाया

ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, 'मुझे फर्क नहीं पड़ता कि भारत रूस के साथ क्या करता है। वो अपनी पहले ही खत्म अर्थव्यवस्थाओं को एक साथ और गिरा सकते हैं। हमने भारत के साथ बहुत कम व्यापार किया है, क्योंकि उनके टैरिफ बहुत ज्यादा हैं।

Thu, 31 July 2025 01:47 PMNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share
ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था को मरी हुई बताया, रूस का नाम लेकर जमकर सुनाया

भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस को भी धमका रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को 'खत्म' करार दिया। साथ ही संकेत दिए हैं कि अमेरिका अब रूस और भारत के साथ ज्यादा व्यापार नहीं करना चाहता। खास बात है कि रूस के साथ तेल खरीदने के चलते अमेरिका ने भारत पर जुर्माना भी लगाया है।

ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, 'मुझे फर्क नहीं पड़ता कि भारत रूस के साथ क्या करता है। वो अपनी पहले ही खत्म अर्थव्यवस्थाओं को एक साथ और गिरा सकते हैं। हमने भारत के साथ बहुत कम व्यापार किया है, क्योंकि उनके टैरिफ बहुत ज्यादा हैं, बल्कि दुनिया में सबसे ज्यादा में से एक हैं। वैसे ही रूस और अमेरिका ना के बराबर व्यापार करते हैं। इसे ऐसा ही रहने देते हैं।'

उन्होंने कहा, 'और रूस के असफल राष्ट्रपति मेवदेव को जाकर बोल दो कि जरा संभलकर बात करे। वह बहुत ही खतरनाक इलाके में दाखिल हो रहे हैं।' दरअसल, हाल ही में रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेवदेव ने चेतावनी दी थी कि रूस के साथ वॉशिंगटन डीसी का खेल युद्ध का कारण बन सकता है।

भारत पर क्यों लगाया जुर्माना

ट्रंप ने पहले व्हाइट हाउस में कहा, 'हम अभी बातचीत कर रहे हैं और इसमें ब्रिक्स का मसला भी शामिल है। आप जानते हैं, ब्रिक्स मूलतः अमेरिका विरोधी देशों का एक समूह है और भारत इसका सदस्य है। यह अमेरिकी मुद्रा पर हमला है और हम किसी को भी ऐसा नहीं करने देंगे।' ट्रंप ने बुधवार को एक अगस्त से भारत से आने वाले सभी सामानों पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की।

राष्ट्रपति ने इसके साथ ही रूसी कच्चे तेल और सैन्य उपकरणों की खरीद पर एक अनिर्दिष्ट जुर्माना भी लगाने की घोषणा की। ट्रंप ने कहा, 'यह निर्णय आंशिक रूप से ‘ब्रिक्स’ की वजह से लिया गया है और इसमें कुछ हद तक घाटे की भूमिकी है। हमें बहुत बड़ा घाटा हुआ है। जैसा कि आप जानते हैं, प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी मेरे मित्र हैं लेकिन वे हमारे साथ व्यापार के मामले में बहुत ज्यादा जुड़े नहीं हैं।'