Do these people chase after Yogi Adityanath Why CM Himanta Sarma lashed out हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, पासपोर्ट दिखाने की दी चुनौती, India News in Hindi - Hindustan
More

हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, पासपोर्ट दिखाने की दी चुनौती

असम के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को चुनौती दी कि वह अपने पासपोर्ट का विवरण सार्वजनिक करें और बताएं कि उन्होंने किन-किन देशों की यात्रा की है। ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए यहां हवाई अड्डे पर आए सरमा ने संवाददाताओं से बातचीत की।

Thu, 16 April 2026 12:25 PMNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share
हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, पासपोर्ट दिखाने की दी चुनौती

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को 'पागल व्यक्ति' करार दिया। उन्होंने यह टिप्पणी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष द्वारा उन पर 'अपने राजनीतिक विरोधियों और आलोचकों को परेशान करने के लिए सत्ता का दुरुपयोग करने' के आरोपों के जवाब में की। ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए यहां हवाई अड्डे पर आए सरमा ने संवाददाताओं से बातचीत की।

राहुल गांधी को दी चुनौती

असम के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को चुनौती दी कि वह अपने पासपोर्ट का विवरण सार्वजनिक करें और बताएं कि उन्होंने किन-किन देशों की यात्रा की है। राहुल गांधी द्वारा सरमा को 'देश का सबसे भ्रष्ट व्यक्ति' करार देने और पवन खेड़ा के समर्थन में पार्टी के खड़े होने का बयान दिये जाने के बाद पूर्वोत्तर राज्य के मुख्यमंत्री की यह तीखी प्रक्रिया आई है।

खेड़ा ने आरोप लगाया है कि सरमा की पत्नी के पास कई पासपोर्ट और विदेश में संपत्तियां हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे में घोषित नहीं किया गया है। सरमा परिवार ने इन आरोपों को झूठा बताकर खारिज कर दिया है।

क्या बोले सरमा

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर संवाददाताओं द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में कहा, 'मैं बिल्कुल स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि न तो मेरे पास और न ही मेरे परिवार के किसी सदस्य के पास गोल्डन वीजा है, जैसा कि आरोप लगाया जा रहा है। राहुल गांधी एक पागल व्यक्ति हैं।'

उन्होंने कहा, 'मैं राहुल गांधी को चुनौती देता हूं कि वे अपना पासपोर्ट मीडिया के सामने पेश करें, और मैं अपना और अपने परिवार के सदस्यों के पासपोर्ट लेकर आऊंगा। मीडिया को पता चले कि कौन किस देश का दौरा कर रहा है।'

सरमा ने कहा कि राहुल गांधी 'भगवान नहीं हैं'। उन्होंने कहा, 'अगर मैं उन पर आरोप लगाऊं, तो क्या वे उनकी जांच के लिए तैयार होंगे? उन्हें यह पता होना चाहिए कि दूसरों को भी उनसे सवाल पूछने का अधिकार है।'

पवन खेड़ा की जमानत पर क्या बोले

खेड़ा को तेलंगाना उच्च न्यायालय से मिली एक सप्ताह की अग्रिम जमानत पर उच्चतम न्यायालय की रोक के बारे में पूछे जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।

सरमा ने कहा, 'हालांकि, मेरे विचार से तेलंगाना उच्च न्यायालय खेड़ा को ट्रांजिट जमानत नहीं दे सकता क्योंकि वह उस राज्य के निवासी नहीं हैं। कानून अपना काम करेगा।' भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि वह गुरुवार से पश्चिम बंगाल में अपनी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

सरमा ने बाद में सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, 'असमिया नव वर्ष के अवसर पर, मैंने असम की निरंतर शांति और प्रगति के लिए महाप्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना की।' इसी के साथ उन्होंने मंदिर में जाने का एक वीडियो भी साझा किया।