DMK-Congress feud escalates over Vijay Thalapathy TVK Udhayanidhi statement about trust issues sparks controversy दोस्त-दोस्त न रहा: CM विजय के चक्कर में तीखी हुई DMK-कांग्रेस की लड़ाई; उदयनिधि के बयान पर विवाद, India News in Hindi - Hindustan
More

दोस्त-दोस्त न रहा: CM विजय के चक्कर में तीखी हुई DMK-कांग्रेस की लड़ाई; उदयनिधि के बयान पर विवाद

तमिलनाडु मुख्यमंत्री विजय थलापति की टीवीके के साथ आने वाली कांग्रेस अपने पुराने साथी डीएमके के हमलों से परेशान है। उदयनिधि स्टालिन ने ऐलान किया है कि वह कभी भी कांग्रेस पर  भरोसा नहीं करेंगे। इसके जवाब में कांग्रेस सांसद मणिकम ने उन्हें पिछले एहसान याद दिलाए हैं।

Mon, 25 May 2026 03:00 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
दोस्त-दोस्त न रहा: CM विजय के चक्कर में तीखी हुई DMK-कांग्रेस की लड़ाई; उदयनिधि के बयान पर विवाद

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के बाद राजनीतिक माहौल पूरी तरह से बदला हुआ है। दशकों पुराने दोस्त (द्रमुक और कांग्रेस) अब एक-दूसरे के दुश्मन बने हुए हैं। रविवार को कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने उदयनिधि स्टालिन द्वारा पार्टी पर किए गए हमले का तीखा जवाब दिया है। स्टालिन के कांग्रेस पर कभी न भरोसा करने वाले बयान पर टैगोर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से डीएमके के कठिन समय में भी उसके साथ खड़ी रही है ऐसे में उदयनिधि का ऐसे बयान देना बिलकुल गलत है।

एएनआई से बात करते हुए कांग्रेस सांसद उदयनिधि स्टालिन को तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही धर्मनिरपेक्ष गठबंधन के साथ रही है। लेकिन तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद डीएमके, भाजपा और एआईएडीएमके साथ जुड़ने का प्रयास कर रही थी, यह हमारे सिद्धांतों के खिलाफ है। भाजपा के साथ किसी भी तरह का गठबंधन कांग्रेस स्वीकार नहीं करेगी।" बता दें, टेगौर का इशारा यहां तमिलनाडु की दो चिर विरोधी पार्टियों के बीच पर्दे के पीछे हुए गठबंधन की बातचीत को लेकर था। विजय के साथ गठबंधन में शामिल वीसीके के अध्यक्ष ने इस बात का दावा किया था कि डीएमके और एआईडीएमके ने उन्हें साथ आने और मुख्यमंत्री बनने का ऑफर दिया था।

स्टालिन के भरोसे वाले हमले का जवाब देते हुए टैगौर ने कहा, "उदयनिधि स्टालिन का ऐसा कहना बिलकुल गलत है। कांग्रेस हमेशा से द्रमुक के साथ खड़ी रही है। इतना ही नहीं जब उनके पास बहुमत नहीं था, तब भी हम उनके साथ थे।"

कांग्रेस पर कभी भरोसा नहीं करेंगे: उदयनिधि स्टालिन

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव साथ में लड़ने वाली कांग्रेस और डीएमके के बीच में लड़ाई तीखी हो चुकी है। इसी क्रम में पूर्व उप मुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने भी विजय के साथ जाने वाली कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था। स्टालिन ने कहा कि अब डीएमके भविष्य में कभी भी कांग्रेस पार्टी पर भरोसा नहीं करेगी। इतना ही नहीं स्टालिन ने यह भी कह दिया कि कांग्रेस के नेताओं में बुनियादी शिष्टाचार और कृतज्ञता की कमी है।

कांग्रेस की वजह से जीतती है भाजपा: उदयनिधि

उदयनिधि ने कहा, "हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं की वजह से कांग्रेस ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पांच सीटें जीती हैं। लोगों ने उन्हें इसलिए वोट दिया क्योंकि वे एम के स्टालिन को मुख्यमंत्री बनाना चाहते थे। लेकिन आज कुछ पदों के लिए वह हमें बिना बताए चले गए। अब हमें कांग्रेस को कभी भी अपने पास नहीं आने देना चाहिए।" इतना ही नहीं विजय ने भाजपा की जीत का श्रेय भी कांग्रेस पार्टी को ही दे दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता था कि भाजपा प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की वजह से जीतती है, लेकिन ऐसा नहीं है, वह कांग्रेस पार्टी की वजह से जीतती है।

दरअसल, तमिलनाडु में दो दोस्तों के बीच में यह पूरा विवाद 4 मई के बाद शुरू हुआ है। लगभग दो दशक से एक-दूसरे के साथ रहने वाले द्रमुक और कांग्रेस के रास्ते 4 मई को ही अलग हो गए थे। कांग्रेस पार्टी ने अपने पांच विधायकों के साथ थलापति विजय की तमिलझा वेत्री कड़गम (TVK) को समर्थन देने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद दोनों दलों के बीच में कटुता बढ़ गई थी। डीएमके ने लोकसभा में कांग्रेस सांसदों के साथ बैठने से इनकार कर दिया। दूसरी ओर कांग्रेस के ऊपर भी हमले शुरू कर दिए। फिलहाल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की तरफ से इस मुद्दे पर कोई बड़ा बयान सामने नहीं आया है, लेकिन राज्य स्तर पर बयान बाजी तेज है।