DK Shivakumar will Rule for Long Time and Return to Power in 2028 Says Astrologer डीके शिवकुमार लंबे समय तक करेंगे शासन, 2028 में फिर सत्ता में लौटेंगे; ज्योतिषी की भविष्यवाणी, India News in Hindi - Hindustan
More

डीके शिवकुमार लंबे समय तक करेंगे शासन, 2028 में फिर सत्ता में लौटेंगे; ज्योतिषी की भविष्यवाणी

ज्योतिषी द्वारकानाथ गुरुजी ने कनकपुरा के विधायक शिवकुमार के लिए कहा कि वह 2028 के विधानसभा चुनाव के बाद भी सत्ता में लौटेंगे। उन्होंने आगे कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि उन्हें अगला चुनाव जीतना ही होगा। तभी वे सही मायने में मुख्यमंत्री कहलाएंगे।

Sat, 30 May 2026 09:44 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, बेंगलुरु
share
डीके शिवकुमार लंबे समय तक करेंगे शासन, 2028 में फिर सत्ता में लौटेंगे; ज्योतिषी की भविष्यवाणी

डीके शिवकुमार कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। वह सिद्धारमैया की जगह लेंगे। शनिवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उन्हें सीएलपी का नया नेता चुना गया। तीन जून को शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस बीच, डीके शिवकुमार के ज्योतिषी ने बड़ी भविष्यवाणी की है। शिवकुमार जिन प्रख्यात ज्योतिषी पर अत्यधिक भरोसा करते हैं, उन्होंने भविष्यवाणी की है कि वह (शिवकुमार) प्रशासन में शीर्ष पद पर लंबे समय तक बने रहेंगे।

ज्योतिषी द्वारकानाथ गुरुजी ने कनकपुरा के विधायक शिवकुमार के लिए कहा कि वह 2028 के विधानसभा चुनाव के बाद भी सत्ता में लौटेंगे। उन्होंने आगे कहा, "इसमें कोई शक नहीं कि उन्हें अगला चुनाव जीतना ही होगा। तभी वे सही मायने में मुख्यमंत्री कहलाएंगे। अभी तो उन पर बस जिम्मेदारियों का ही बोझ है। अभी इन जिम्मेदारियों को निभाइए और अगले कार्यकाल में मुख्यमंत्री पद का आनंद लीजिए।" गुरुजी की फिर से शिवकुमार के अगले कार्यकाल में मुख्यमंत्री बनने की भविष्यवाणी इसलिए भी अहम है, क्योंकि कर्नाटक में हर पांच साल बाद सत्ता परिवर्तन होता रहता है। यही वजह है कि अगर 2028 में फिर से कांग्रेस की जीत होती है और शिवकुमार सीएम बनते हैं तो यह बड़ी उपलब्धि होगी। हालांकि, यह भविष्यवाणी कितनी सच होती है, यह समय ही बताएगा।

राज्यपाल ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया

वहीं, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कांग्रेस विधायक दल के नवनिर्वाचित नेता डी. के. शिवकुमार को तीन जून को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए शनिवार को आमंत्रित किया। इससे पहले शिवकुमार ने यहां लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात करके राज्य में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था। शिवकुमार के साथ पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेता थे।

राज्यपाल ने शिवकुमार से क्या कहा?

राज्यपाल ने शिवकुमार को लिखे एक पत्र में कहा, ''मुझे आपका 30 मई, 2026 का पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें आपने सरकार बनाने का दावा किया है। मैं आपको अपनी मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए आमंत्रित करता हूं।'' पत्र में कहा गया है कि शपथ ग्रहण समारोह तीन जून, 2026 को शाम चार बजकर पांच मिनट पर लोक भवन परिसर में होगा। इससे पहले, शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया, जिससे उनके राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया। राज्यपाल को लिखे अपने पत्र में शिवकुमार ने अपना दावा पेश करते हुए कहा कि उन्हें कांग्रेस विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुना गया है। उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया कि उन्हें मुख्यमंत्री और अन्य सदस्यों को मंत्रिपरिषद के सदस्यों के रूप में शपथ दिलाई जाए।