मुख्यमंत्री बनते ही ऐक्शन में डीके शिवकुमार, पहली कैबिनेट बैठक में युवाओं के लिए बड़े ऐलान
डीके शिवकुमार ने कहा कि सरकारी नौकरियों में युवाओं की भर्ती के लिए जल्द ही कार्यक्रमों की रूपरेखा घोषित की जाएगी। शिवकुमार ने यह भी कहा कि बेरोजगारी के मुद्दे को दूर करने के लिए निजी रोजगार एक्सचेंज स्थापित किया जाएगा।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने बुधवार को पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद युवाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान किया, जिनमें छात्रों के लिए मुफ्त बस पास और निजी रोजगार एक्सचेंज की स्थापना शामिल है। पद और गोपनीयता की शपथ लेने के बाद शिवकुमार ने पहले कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि गैर-लक्जरी सरकारी बसों में सभी छात्रों को मुफ्त बस पास दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में युवाओं की भर्ती के लिए जल्द ही कार्यक्रमों की रूपरेखा घोषित की जाएगी। शिवकुमार ने यह भी कहा कि बेरोजगारी के मुद्दे को दूर करने के लिए निजी रोजगार एक्सचेंज स्थापित किया जाएगा, जहां लोग नौकरियों के लिए पंजीकरण करवा सकेंगे। उन्होंने कहा, "निजी रोजगार एक्सचेंज की रूपरेखा को एक महीने में अंतिम रूप दिया जाएगा।"
उन्होंने यह घोषणा भी की कि कर्नाटक में नेतृत्व क्षमता बढ़ाने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए 10,000 भारत जोड़ो युवा संघ स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा, "प्रत्येक ग्राम पंचायत के भारत जोड़ो युवा संघ को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे।" कैबिनेट ने यह निर्णय भी लिया कि अनधिकृत भवनों के लिए ए-खाता दस्तावेज जारी करने का अभियान पूरे कर्नाटक में ले जाया जाएगा।
शिवकुमार ने मीडिया से सरकार के साथ सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वह सरकार की आलोचना के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन मीडिया को विमर्श गढ़ने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि "लोकतंत्र के चारों स्तंभों को मिलकर काम करना चाहिए।" मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार गांवों से शहरों में किसानों के पलायन को रोकने के लिए आवश्यक निर्णय लेगी।
शिवकुमार विधानसौध की सीढ़ियों पर श्रद्धापूर्वक नतमस्तक हुए
मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार बुधवार को औपचारिक रूप से पदभार संभालने से पहले कर्नाटक विधानसौध की सीढ़ियों पर श्रद्धापूर्वक नतमस्तक हुए। शपथ लेने के बाद, शिवकुमार ने श्रद्धापूर्वक झुककर सीढ़ियों को छुआ और बाद में राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार भवन में प्रवेश करते हुए राष्ट्रीय नेताओं और कर्नाटक की प्रमुख हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। शिवकुमार ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर, पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, 12वीं शताब्दी के समाज सुधारक बसवन्ना और बेंगलुरु के संस्थापक नादप्रभु केम्पेगौड़ा की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।




साइन इन