गाय की कुर्बानी इस्लाम का हिस्सा नहीं, ऐक्शन में शुभेंदु अधिकारी; बकरीद पर UP से महाराष्ट्र तक सख्त
बकरीद को लेकर राज्य सरकारों ने तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली सरकार ने पशुओं की गैरकानूनी कुर्बानी पर सख्ती कर दी है। वहीं, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार का कहना है कि नमाज मस्जिद में होगी।

Barkid: अगले सप्ताह दुनियाभर के मुसलमान बकरीद बनाएंगे। इससे पहले सड़कों पर नमाज और कुर्बानी को लेकर विवाद छिड़ गया है। कुछ राजनीतिक दलों के बड़े नेता भले ही खुद को दूर रखे हों, लेकिन यह मामला राजनीतिक रंग लेने लगा है। भाजपा और कांग्रेस जैसे प्रमुख दलों के नेता परोक्ष रूप से इस पर आरोप प्रत्यारोपों के साथ इन हालातों के लिए एक दूसरे को दोषी करार दे रहे हैं। पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजे और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले इस विवाद के खड़े होने के राजनीतिक मायने भी हैं। इसमें राजनीतिक दलों में ध्रुवीकरण की संभावनाएं भी तलाशी जाने लगी हैं।
पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र में इस विवाद की सबसे ज्यादा प्रतिक्रिया है। इसकी एक वजह यहां की सरकारों के प्रमुख नेताओं का एक स्पष्ट रुख अपनाना भी है। राजनीतिक हलकों में इस तरह की बयानबाजी और राज्य सरकारों के रुख को अगले साल होने वाले चुनाव से जोड़ कर देखा जा रहा है। इनमें उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रमुख हैं, जहां सामाजिक व धार्मिक ध्रवीकरण की स्थतियां काफी रहती हैं।
भाजपा के एक प्रमुख नेता का कहना है कि इस तरह के विवाद लंबे समय से चल रहे तुष्टिकरण के नतीजे हैं। पिछली कांग्रेस और उसके साथ खड़े दलों की सरकारों ने जिस तरह से मुस्लिम वोट बैंक को साधने के लिए खुलआम कानूनों को ताक पर रखा, उसके कारण ही हालात बने हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस नेता इसे भाजपा की ध्रुवीकरण की राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं। उनका आरोप है कि भाजपा की राजनीति ही इस तरह के ध्रवीकरण पर टिकी है।
बकरीद को लेकर राज्य सरकारों ने तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली सरकार ने पशुओं की गैरकानूनी कुर्बानी पर सख्ती कर दी है। वहीं, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार का कहना है कि नमाज मस्जिद में होगी। अलग-अलग राज्यों ने क्या फैसले लिए हैं, इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
दिल्ली: गैरकानूनी कुर्बानी की गई तो सख्त कार्रवाई
दिल्ली सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि गैरकानूनी ढंग से पशुओं की कुर्बानी और कचरा प्रबंधन में लापरवाही पर सख्ती कार्रवाई होगी। राज्य सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी का मामला सामने आने के बाद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
पश्चिम बंगाल: गाय की कुर्बानी इस्लाम का हिस्सा नहीं
शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार ने निर्देश दिया था कि उन्हीं पशुओं की कुर्बानी होगी जो फिट हैं। मामला हाईकोर्ट पहुंचा तो हाईकोर्ट ने आदेश को रद्द करते हुए कहा कि गाय की कुर्बानी ईद और इस्लाम का हिस्सा नहीं है। कोर्ट ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न हो ये सुनिश्चित किया जाए लेकिन अन्य पशुओं की कुर्बानी के लिए राज्य सरकार अनुमति देने पर विचार करे।
उत्तर प्रदेश: मस्जिदों में ही होगी नमाज अता
मुस्लिम धर्मगुरुओं ने कहा कि ईद की नमाज मस्जिदों में होगी। अगर जरूरत पड़ती है और भीड़ ज्यादा होती है तो कई चरणों में नमाज अदा होगी। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य मौलाना खालीद राशीद महली ने कहा कि मुस्लिम वर्षों से मस्जिदों में नमाज अदा कर रहे हैं।
उत्तराखंड: सड़क पर धार्मिक आयोजन नहीं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को स्पष्ट कहा कि सड़क पर धार्मिक गतिविधियां नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि सभी की आस्था और विश्वास का सम्मान होना चाहिए लेकिन कोई भी कानून- व्यवस्था से ऊपर नहीं है।
महाराष्ट्र: मकोका के तहत कार्रवाई का निर्देश
बकरीद से पहले राज्य सरकार ने पुलिस को निर्देश दिया है कि गैरकानूनी ढंग से पशुओं की तस्करी करने वालों पर मकोका के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। सरकार ने आदेश जारी कर कहा है कि गैरकानूनी ढंग से जानवरों तस्करी करने वालों, बेचने और काटने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।




साइन इन