Congress leader Rahul Gandhi listened to the problems of auto drivers in Delhi including gas petrol hike paper leak गरीब की कोई नहीं सुनता; ऑटो ड्राइवर्स के बीच पहुंचे राहुल गांधी, सुनी समस्याएं, India News in Hindi - Hindustan
More

गरीब की कोई नहीं सुनता; ऑटो ड्राइवर्स के बीच पहुंचे राहुल गांधी, सुनी समस्याएं

Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को ऑटो ड्राइवर्स के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी के साथ खाना खाया और उनकी समस्याओं को भी सुना। राहुल ने उनसे सलाह भी मांगी की अगर वह उनकी कुछ मदद करना चाहें, तो कैसे कर सकते हैं।

Sat, 30 May 2026 07:27 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
गरीब की कोई नहीं सुनता; ऑटो ड्राइवर्स के बीच पहुंचे राहुल गांधी, सुनी समस्याएं

Rahul Gandhi with auto drivers: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में शुक्रवार को ऑटो ड्राइवर्स के साथ मुलाकात की। उन्होंने लोगों के साथ ही खाना खाया और उनकी समस्याएं सुनी। महंगाई के मुद्दे पर लगातार सरकार को घेर रहे लोकसभा नेता प्रतिपक्ष ने ड्राइवर्स से इसका असर पूछा। इतना ही नहीं उन्होंने लोगों के स्वास्थ्य बीमा, ईरान युद्ध का असर, पेपर लीक और महंगाई से लेकर हर मुद्दे पर बात की। लोगों ने भी खुलकर अपने मन की बात राहुल गांधी के सामने रखी।

सोशल मीडिया पर ऑटो ड्राइवर्स के साथ अपनी बातचीत की जानकारी शेयर करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "“हम तो तबाह हो गए हैं - और सुनने वाला कोई नहीं।” कल दोपहर के खाने पर एक ऑटो चालक भाई ने यह कहा। एक वाक्य में देश के लाखों गरीबों की पूरी कहानी आ गई। आमदनी का मीटर बंद। महंगाई का ब्रेक फेल। और सुनने वाली सरकार बहरी।"

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस नेता ने लिखा, "CNG से LPG तक। बच्चों की पढ़ाई से इलाज तक। दूध से लेकर खाने के तेल तक। हर बढ़ता रुपया इनके बजट पर, इनकी रसोई पर, सीधा वार है। महंगाई मानव मोदी जी सलाह देते हैं कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल कीजिए और जो लोगकी रीढ़ हैं, वो आज महंगाई के बोझ तले टूट रहे हैं। आज इनकी थाली में रोटी दाल के साथ एक सवाल भी है। कल की रोटी कहाँ से आएगी?"

ऑटो ड्राइवर्स के साथ राहुल की बातचीत में क्या क्या?

ऑटो ड्राइवर्स के साथ बैठक करने पहुंचे राहुल गांधी ने सबसे पहले लोगों के साथ खाना खाते हुए उनकी परेशानियों को समझने की कोशिश की। एक व्यक्ति ने सबसे पहले अपना मुद्दा रखते हुए गैस सिलेंडर और महंगाई के बारे बात की। इस पर कांग्रेस नेता ने कहा कि गरीबों के लिए पूरी तरह से रास्ता बंद किया हुआ है। उधर पेपर लीक हो जाता है, तो रोजगार नहीं है। यहां महंगाई ब़ड़ी हुई है। इस पर एक व्यक्ति ने कहा कि परेशानी यह है कि हमारी कमाई पहले की तरह ही है और महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।

ड्राइवर्स के दर्द को समझे राहुल गांधी

ऑटो ड्राइवर्स के बीच बैठे राहुल गांधी से लोगों ने अपनी आय की बात की। इस पर ड्राइवर्स ने उन्हें बताया कि वह पिछले की तरह की काम कर रहे हैं, लेकिन बढ़ती महंगाई की वजह से परेशानी बढ़ी हुई है। इस पर राहुल गांधी ने पूछा कि आखिर आप कितने घंटे ऑटो चलाते हैं? इस सवाल का जवाब देते हुए ड्राइवर्स ने कहा कि वह एक दिन में करीब 150 किलोमीटर तक चलाते हैं। इस पर राहुल ने पूछा कि क्या इससे आपके स्वास्थ्य पर असर नहीं होता, जिस पर सभी का जवाब हां में था। इस पर राहुल ने पूछा कि क्या इससे परेशानी नहीं होती। इस पर लोगों ने कहा कि सिर दर्द से लेकर कमर दर्द तक सब होता है।

इसके बाद एक के बाद एक महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर लगातार उठते सवालों को राहुल गांधी ने इन लोगों से भी साझा किया। इस पर सभी ने अपनी परेशानी भी राहुल गांधी के साथ साझा की। राहुल ने उनसे पूछा कि आखिर वह उनकी मदद कैसे कर सकते हैं। इस पर ड्राइवर्स ने एक साथ जवाब देते हुए कहा, "सबसे पहले ड्राइवर्स के हेल्थ को देखा जाए। ऐसे में अगर कोई ड्राइवर बीमार हो जाता है, तो वह अपना इलाज करवाने में भी सक्षम नहीं है। यह बड़ी परेशानी है। लोगों को इलाज करवाने के चक्कर में अपनी जमीन तक बेचनी पड़ जाती है।" इतना ही नहीं राहुल गांधी ने मुकेश अंबानी का जिक्र करते हुए कहा कि अभी देश में पेट्रोल की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। लेकिन आज भी मुकेश अंबानी अभी भी तेल बाहर भेज रहा है। लेकिन सरकार उनसे कह नहीं पा रही है कि आखिर कर क्या रहे हो। इसी बीच लोगों ने कहा कि हम अपनी समस्या किसके सामने सुनाए सरकार सुनती नहीं है। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि नेता गरीब की नहीं सुनते, लेकिन आपकी आवाज संसद तक मैं पहुंचाऊंगा। इसके बाद राहुल गांधी ऑटो ड्राइवर्स की ड्रेस को पहनकर उन्हीं के साथ घूमने के लिए निकल गए।