Congress hits back at BJP on claims of link with George Soros Dhankhar talks to Nadda Kharge जॉर्ज सोरोस से लिंक के दावों पर कांग्रेस का BJP पर पलटवार, धनखड़ ने नड्डा, खरगे से की बात, India News in Hindi - Hindustan
More

जॉर्ज सोरोस से लिंक के दावों पर कांग्रेस का BJP पर पलटवार, धनखड़ ने नड्डा, खरगे से की बात

  • सोनिया गांधी के जॉर्ज सोरोस से लिंक के बीजेपी के दावों पर कांग्रेस ने जबरदस्त पलटवार किया है। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा अदाणी मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए झूठा प्रचार कर रही है।

Mon, 9 Dec 2024 08:02 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
जॉर्ज सोरोस से लिंक के दावों पर कांग्रेस का BJP पर पलटवार, धनखड़ ने नड्डा, खरगे से की बात

कांग्रेस के नेताओं ने सोरोस से सोनिया गांधी के लिंक के बीजेपी के दावों पर राज्यसभा में जबरदस्त हंगामा किया। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से लगाए गए इन आरोपों को कांग्रेस पार्टी ने पूरी तरह से खारिज कर दिया। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि बीजेपी केवल अपने और उद्योगपति अदाणी के संबंधों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे बेबुनियाद आरोप मढ़ रही है। भाजपा केवल उद्योगपति को बचाने की कोशिश कर रही है।

राज्यसभा में भाजपा अध्यक्ष नड्डा द्वारा कांग्रेस पर भारत को अस्थिर करने के लिए विदेशी ताकतों के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया गया। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा और जॉर्ज सोरोस के बीच का यह लिंक चिंता का विषय है। यह संगठन भारत की छवि को खराब करता है और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करता है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस देश की अखंडता और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है, आखिर यह क्या साबित करता है।

नड्डा का आरोपों के बाद हंगामा और तेज हो गया। कांग्रेस ने नड्डा का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा झूठ फैला रही है। खरगे ने कहा कि भाजपा की तरफ से लगाए गए यह आरोप पूरी तरह से निराधार है। हमारी पार्टी देश की एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अदाणी मामले को दबाने के लिए भाजपा यह झूठी अफवाहें फैला रही है। जबरदस्त हंगामें के बाद राज्यसभा की कार्यवाही को स्थगति कर दिया गया। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने दोनों पार्टी अध्यक्षों को अपने केबिन में बुलाकर बात की।

इससे पहले राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गौतम अदाणी पर लगे आरोपों को लेकर जबरदस्त हंगामा किया। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि हमारे देश को विदेशी डीप स्टेट की कार्यप्रणाली से सावधान रहना होगा। क्योंकि यह हमें कोविड से भी ज्यादा प्रभावित कर सकती है। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार अदाणी को बचाने के लिए भारत के विदेशी संबंधों को खतरे में डाल रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि उद्योगपति अदाणी इस समय एम(मोदी) लेवल सुरक्षा व्यवस्था का आनंद ले रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर पोस्ट करके कल सोनिया गांधी और जॉर्ज सोरोस के बीच के लिंक को लेकर सवाल उठाए गए थे। भाजपा की तरफ अमेरीकी डीप स्टेट के ऊपर आरोप लगाया गया ता कि वह भारत की अर्थव्यवस्था की ग्रोथ को कम करने और भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रहा है। इस पर अमेरिकी उच्चायोग ने जवाब देते हुए इसे निराशाजनक बताया था।