तमिलनाडु में CM विजय की पार्टी TVK का नेता फ्रॉड के आरोप में धराया, भारी बवाल; SP ऑफिस में जुटी भीड़
पुलिस के मुताबिक TVK नेता पर आरोप है कि उसने ऊंचे रिटर्न का लालच देकर 100 से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये वसूले। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही कई पीड़ित SP दफ्तर के बाहर जमा हो गए और हंगामा करने लगे।

तमिलनाडु में शपथग्रहण के सिर्फ 2 दिन बाद विजय की पार्टी TVK विवादों में घिर गई है। राज्य के पुदुक्कोट्टई में तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के एक बड़े पदाधिकारी को पुलिस ने फ्रॉड के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इससे इलाके में भारी बवाल मच गया है। जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच पुलिस ने पार्टी के केंद्रीय जिला कार्यकारी समिति सदस्य सरवनन को 25 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक तिरुवप्पुर के रहने वाले सरवनन पर आरोप है कि उसने ऊंचे रिटर्न का लालच देकर 100 से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये वसूले। पुलिस ने बताया कि सरवनन ने अलग-अलग लोगों से 30 लाख से लेकर 1.5 करोड़ रुपये तक ठगे थे। जानकारी के मुताबिक कुछ मामलों में उसने अपनी मां की बीमारी और अन्य निजी कारणों का हवाला देकर कर्ज लिया था। कुल मिलाकर उसने लगभग 25 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा की और निवेशकों को वापस नहीं लौटाई।
पुलिस ने शुरू किया था तलाशी अभियान
पीड़ितों ने बताया कि पिछले 15 दिनों से सरवनन का मोबाइल बंद था और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था। उन्होंने बताया कि डर था कि वह तमिलनाडु में TVK की भारी जीत के बाद पार्टी के नाम का फायदा उठाकर फरार हो सकता है। इसके बाद लोगों ने जिला पुलिस अधीक्षक (SP) के पास शिकायत दर्ज कराई। कई FIR दर्ज होने के बाद, पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया और सरवनन को गिरफ्तार कर लिया।
SP ऑफिस के बाहर हंगामा
सरवनन की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही 100 से ज्यादा पीड़ित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर जमा हो गए। जानकारी के मुताबिक भीड़ इतने गुस्से में थी कि कुछ लोगों ने मांग की कि आरोपी को उनके हवाले कर दिया जाए, ताकि वे खुद उससे निपट सकें। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को शांत करते हुए आश्वासन दिया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने पीड़ितों को पैसे वापस दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करने का वादा किया है।




साइन इन