राफेल को बदनाम करने को चीन की चाल, ऑपरेशन सिंदूर के बाद चलाया अभियान; मंशा क्या
ऑपरेशन सिंदूर के बाद चीन ने राफेल फाइटर जेट्स को खराब बताने की मुहिम चलाई थी। फ्रांस की सेना और वहां के खुफिया अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक चीन नहीं चाहता था कि कोई अन्य देश राफेल को खरीदे।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद चीन ने राफेल फाइटर जेट्स को खराब बताने की मुहिम चलाई थी। फ्रांस की सेना और वहां के खुफिया अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक चीन नहीं चाहता था कि कोई अन्य देश राफेल को खरीदे। इसके बदले में वह अपने चीनी फाइटर जेट्स को बेचने की मंशा पाले हुए था। बता दें मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ राफेल लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया था। इस अभियान में पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी थी। फ्रांस की सेना के अधिकारी के मुताबिक चीन नहीं चाहता है कि राफेल की बिक्री हो। इसके बदले वह अपने देश में बने फाइटर विमानों को बेचना चाहता है।
दूसरे देशों के सुरक्षा अधिकारियों से की लॉबिंग
जानकारी के मुताबिक चीन ने उन देशों में लॉबिंग की है, जिन्होंने राफेल का ऑर्डर दिया है। इसके अलावा वह देश भी निशाने पर रहे, जो इसे खरीदने पर विचार कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इस तरह की मीटिंग की जानकारी उन देशों से मिली जो फ्रांसीसी अधिकारियों के संपर्क में थे। चीन चाहता था कि यह देश राफेल न खरीदें और दूसरों को भी चीन निर्मित जेट खरीदने के लिए प्रोत्साहित करें। फ्रांसीसी खुफिया जानकारियों के मुताबिक चीनी दूतावास की तरफ से तर्क दिया गया कि भारतीय वायुसेना के इस्तेमाल में राफेल का प्रदर्शन खराब था। चीनी अधिकारियों ने अन्य देशों के सुरक्षा और रक्षा अधिकारियों के साथ बैठकों में चीनी निर्मित हथियारों को बढ़ावा दिया।
पाकिस्तान ने राफेल को लेकर किया था दावा
यह मामला पाकिस्तान के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उसने दावा किया था कि भारत से सैन्य संघर्ष के दौरान उसने राफेल को मार गिराया है। हालांकि राफेल बनाने वाली फ्रांसीसी कंपनी के सीईओ एरिक ट्रैपियर ने पाकिस्तान के इस दावे को झूठा बताया था। इसके अलावा हाल ही में भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल अनिल चौहान ने भी ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राफेल गिराने के दावे को गलत बताया। हालांकि उन्होंने इस दौरान यह स्वीकार किया कि पाकिस्तान से लड़ाई में कुछ लड़ाकू विमानों का नुकसान हुआ। लेकिन उन्होंने पाकिस्तान के राफेल को गिराने के दावों को खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह से गलत बताया।




साइन इन