Cash Benefits for Women, UCC in Bengal Within 6 Months All the Key Highlights of the BJP Manifesto महिला और बेरोजगार पाएंगे कैश, हर थाने में नारी डेस्क; भाजपा के बंगाल में बड़े-बड़े ऐलान, India News in Hindi - Hindustan
More

महिला और बेरोजगार पाएंगे कैश, हर थाने में नारी डेस्क; भाजपा के बंगाल में बड़े-बड़े ऐलान

अमित शाह ने यह भी कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वर्तमान सत्तारूढ़ टीएमसी के भ्रष्टाचार पर पर श्वेत पत्र जारी किया जाएगा। अमित शाह ने इस दौरान महिलाओं को कैश बेनिफिट, घुसपैठ पर रोक और गोतस्करी पर रोक लगाने जैसे वादे बंगाल की जनता से किया है।

Fri, 10 April 2026 01:38 PMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
महिला और बेरोजगार पाएंगे कैश, हर थाने में नारी डेस्क; भाजपा के बंगाल में बड़े-बड़े ऐलान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) का घोषणापत्र जारी किया। इसे संकल्प पत्र नाम दिया गया है। इसे जारी करते हुए अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर कई वादे राज्य की जनता से किया है। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि टीएमसी के 15 साल का शासन बंगाल के लिए किसी बुरे सपने की तरह था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का यह संकल्प पत्र बंगाल के युवाओं और महिलाओं को उम्मीद देगा। शाह ने कहा कि टीएमसी ने अपने तीनों कार्यकाल में झूठे वादे किए।

अमित शाह ने संकल्प जारी करते हुए बंगाल की जनता से वादा किया अगर भाजपा की सरकार बनती है तो अगले 6 महीने में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किया जाएगा। उन्होंने बंगाल के सरकारी कर्मचारियों को साधते हुए बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर 7वें वेतन आयोग का वादा किया। उन्हों यह भी कहा कि उत्तर बंगाल में IIT, IIM, AIIMS और एक फैशन टेक्नोलॉजी इंस्टिट्यूट भी बनेगा।

  1. महिलाओं को कैश बेनिफिट- भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल की बेरोजगार युवतियों के लिए हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है। शाह ने घोषणा की कि हर महीने की 1 तारीख से 5 तारीख के बीच महिलाओं के बैंक खातों में 3,000 रुपये जमा किए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देने की बात भी कही है। BJP ने 'लक्ष्मी भंडार' योजना के तहत तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा अभी दिए जा रहे 1,500 के मासिक भत्ते को दोगुना करने का वादा किया है। इसी तरह, शाह ने जोर देकर कहा कि बेरोजगारी भत्ता भी दोगुना किया जाएगा।
  2. बंगाल में UCC- अमित शाह ने भाजपा का संकल्प जारी करते हुए कहा कि उनकी पार्टी अगर सत्ता में आती है तो सरकार बनने के मात्र छह महीने के अंदर यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू किया जाएगा। इसकी घोषणा करते हुए अमित शाह ने कहा, "BJP शासित कई राज्यों ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर दी है। छह महीने के भीतर हम बंगाल में भी UCC लागू करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि पूरे राज्य में सभी नागरिकों के लिए एक ही तरह का कानून हो।"
  3. गौ तस्करी और घुसपैठ पर रोक- अमित शाह ने बंगाल की जनता से वादा किया है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर घुसपैठिए की पहचान की जाएगी और उसे देश से बाहर निकाल दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल के रास्ते होने वाली मवेशियों की तस्करी पूरी तरह से रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। शाह ने कहा, ‘हम न केवल घुसपैठियों के लिए बंगाल की सीमाओं को सील करेंगे, बल्कि यह भी सुनिश्चित करेंगे कि बंगाल के रास्ते भारत से एक भी गाय की तस्करी न हो।’
  4. बंगाल के कर्मचारियों के लिए 7वां वेतन आयोग- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के सरकारी कार्मचारियों और रिटायर हो चुके लोगों से वादा किया है कि भाजपा की सरकार बनने पर सिर्फ 45 दिनों के भीतक 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को बंगाल में लागू कर दिया जाएगा। इसका लाभ पेंशन पाने वाले लोगों को भी मिलेगा।
  5. नए IIT और AIIM- अमित शाह ने कहा कि उत्तरी बंगाल लंबे समय से विकास से वंचित रहा है। उत्तरी बंगाल के अलग-अलग जिलों में एक AIIMS, एक IIT, एक IIM और एक फेशन डिजाइनिंग संस्थान की स्थापना करके भाजपा की सरकार उत्तरी बंगाल के समग्र विकास को सुनिश्चित करेगी।