इंजन में आग... एयर इंडिया की बेंगलुरु-दिल्ली फ्लाइट में हड़कंप, सभी यात्री सुरक्षित
एयर इंडिया की बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एक उड़ान में इंजन में आग लगने की आशंका के चलते गुरुवार शाम दिल्ली हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एयर इंडिया की बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एक उड़ान में इंजन में आग लगने की आशंका के चलते गुरुवार शाम दिल्ली हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट के इंजन में आग की संभावना जताए जाने के बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया और विमान को आपात स्थिति में उतारा गया।
बताया गया कि बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2802 में इंजन में आग लगने की आशंका के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया। विमान गुरुवार रात करीब 9:30 बजे रनवे 29आर पर सुरक्षित लैंडिंग करने में सफल रहा। इसके बाद विमान को टो करके ले जाया गया। विमान में कुल 171 यात्री सवार थे। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। घटना के बाद रनवे पर रात 10:18 बजे उड़ान परिचालन दोबारा शुरू कर दिया गया।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि हम 21 मई 2026 को बेंगलुरु-दिल्ली उड़ान AI-2802 से जुड़ी घटना से अवगत हैं। विमान सुरक्षित रूप से उतर गया है और सभी यात्री व चालक दल सकुशल हैं। हम अतिरिक्त जानकारी जुटा रहे हैं और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। आगे की जानकारी उपलब्ध होते ही अपडेट साझा किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि यह आज एयर इंडिया से जुड़ी दूसरी घटना है। इससे पहले गुरुवार को ही बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एयर इंडिया के एक विमान का पिछला हिस्सा रनवे पर टकरा गया था। दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। एयर इंडिया ने अभी तक इन घटनाओं पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) दोनों मामलों की जांच कर रहा है।




साइन इन