BJP laim Regarding Keralam New Chief Minister, Accuses Muslim League of Remote Control BJP का दावा- केरल के CM को रिमोट से चलाएगी मु्स्लिम लीग, हाईकमांड होगी जमात; कहा- कांग्रेस ने सबकुछ ताक पर रखा, India News in Hindi - Hindustan
More

BJP का दावा- केरल के CM को रिमोट से चलाएगी मु्स्लिम लीग, हाईकमांड होगी जमात; कहा- कांग्रेस ने सबकुछ ताक पर रखा

पूनावाला ने आगे कहा, 'क्योंकि प्रियंका वाड्रा को वायनाड में चुनाव जीतना है इसलिए मुस्लिम लीग और जमात का तुष्टिकरण करने के लिए उन्होंने सतीशन को मुख्यमंत्री बना दिया। इससे पहले भी कांग्रेस ने जमात का समर्थन लिया है।

Thu, 14 May 2026 11:13 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
BJP का दावा- केरल के CM को रिमोट से चलाएगी मु्स्लिम लीग, हाईकमांड होगी जमात; कहा- कांग्रेस ने सबकुछ ताक पर रखा

केरलम का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, पिछले 11 दिन से जारी इस सस्पेंस से आखिरकार गुरुवार को पर्दा उठ गया और चुनाव में जीत दर्ज करने वाले यूडीएफ के प्रमुख दल कांग्रेस ने अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन के नाम की घोषणा प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के रूप में की। पार्टी के विधायकों ने उनके नाम पर मुहर लगाते हुए उन्हें अपना नेता चुना और इसके साथ ही पार्टी में जश्न भी शुरू हो गया। हालांकि भारतीय जनता पार्टी को कांग्रेस का यह कदम बिल्कुल भी पसंद नहीं आया और उसने दावा किया कि मुख्यमंत्री का चयन कांग्रेस विधायकों की पसंद से नहीं बल्कि उसके सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) की पसंद से किया गया है, जो कि सत्ता में आए UDF (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) गठबंधन का दूसरा सबसे बड़ा सहयोगी दल है। पार्टी का कहना है कि पर्दे के पीछे अगले पांच साल तक मुस्लिम लीग ही सरकार चलाएगी।

इस बारे में सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश इकाई पर यह निर्णय थोपा है। उन्होंने लिखा, 'जनता का जनादेश और MLA की पसंद, सबकुछ ताक पर रखा। केरल के नए मुख्यमंत्री IUML (इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग) द्वारा 'रिमोट कंट्रोल' से चलाए जाएंगे और उनका 'हाई कमांड' है जमात। जमात और IUML ने कांग्रेस पर दबाव डाला, और अपनी पसंद के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनवा दिया।'

'सतीशन जी कांग्रेस के नहीं बल्कि मुस्लिम लीग के सीएम'

इस पोस्ट के साथ शेयर किए एक वीडियो में शहजाद ने कहा, ‘हम तो पहले से कह रहे थे कि ये कांग्रेस के मुख्यमंत्री नहीं है केरलम में, बल्कि सतीशन जी तो दरअसल मुस्लिम लीग के प्रथम सीएम हैं। और देखिए ना मुस्लिम लीग के केरलम के जो अध्यक्ष हैं श्रीथंगल जी ने भी बोल दिया है कि हमने कांग्रेस हाईकमान को बताया कि ये होंगे अगले मुख्यमंत्री। दीपादास मुंशी ने बताया कि इसी वजह से कांग्रेस हाईकमांड ने हर उस नाम को दरकिनार कर दिया जो भी विधायक कह रहे थे।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मेरा मॉडल लागू कर रहा केंद्र; मोदी सरकार के किस फैसले का क्रेडिट ले रहे दिग्विजय

'प्रियंका वाड्रा ने सतीशन को चुना क्योंकि…'

इसके बाद पूनावाला ने आगे कहा, 'क्योंकि प्रियंका वाड्रा को वायनाड में चुनाव जीतना है इसलिए मुस्लिम लीग और जमात का तुष्टिकरण करने के लिए उन्होंने सतीशन को मुख्यमंत्री बना दिया। इससे पहले भी कांग्रेस ने जमात का समर्थन लिया है, जबकि जमात देश को इस्लामिक रिपब्लिक बनाना चाहती है, फिर भी वो उसके साथ समर्थन में खड़े रहे और उन्होंने वक्फ कानून का विरोध किया, मणप्पन में चर्च का विरोध किया, लव जिहाद के साथ खड़े रहे, आतंकियों का तुष्टिकरण किया, ऐसे में कांग्रेस आज INC यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस नहीं बल्कि इस्लामिक नेशनल केलिफेड बन चुकी है।'

'केसी वेणुगोपाल को नहीं देखना चाहती थीं वो'

भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि केरल में नेतृत्व के चयन को लेकर गांधी परिवार में मतभेद था। उन्होंने कहा कि सतीशन का चयन प्रियंका वाड्रा के दबाव के कारण हुआ, जो किसी भी कीमत पर राहुल गांधी की पसंद के उम्मीदवार के.सी. वेणुगोपाल को सीएम के पद पर नहीं देखना चाहती थीं।

केरलम भाजपा ने भी उड़ाया कांग्रेस का मजाक

उधर भाजपा की केरलम इकाई ने भी गुरुवार को इस फैसले को लेकर कई तरह के मीम सोशल मीडिया पर शेयर किए और आरोप लगाते हुए कहा कि अगले पांच वर्ष तक राज्य पर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) का ही शासन रहेगा। ऐसे ही एक मीम ने पार्टी ने मुस्लिम लीग की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सैयद सादिक अली शिहाब थंगल को कुर्सी पर आराम करते हुए दिखाया गया, जबकि सतीशन को उन्हें पंखा झलाते हुए व कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को उनके पैर पकड़कर गिड़गिड़ाते हुए दिखाया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:किसी एक व्यक्ति की जीत नहीं, बल्कि… सतीशन के केरल CM बनने के बाद बोले शशि थरूर

'मुस्लिम लीग के बिना केरल में टिक नहीं सकती कांग्रेस'

अपनी इस पोस्ट के साथ केरलम भाजपा ने लिखा, '4 मई को केरल चुनाव के नतीजे घोषित होने के 11 दिन बाद, कांग्रेस ने आखिरकार वीडी सतीशन को केरल का अगला मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के बिना केरल में टिक नहीं सकती और न ही वायनाड को बचा सकती है। सतीशन का मुख्यमंत्री बनना इस बात का साफा संकेत है कि कांग्रेस और गांधी परिवार ने आखिरकार IUML के सामने घुटने टेक दिए हैं।'

केरलम भाजपा द्वारा शेयर किए गए एक अन्य मीम में थंगल को ढोल बजाते हुए दिखाया गया जबकि कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला और केसी वेणुगोपाल असहज नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के साथ भाजपा ने कहा कि अगले पांच साल में केरल में एक ऐसा मुख्यमंत्री होगा जो, लोगों के इशारों पर नाचेगा।

बता दें कि केरलम में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने राज्य की कुल 140 सीट में से 102 सीटों पर जीत दर्ज की है। जिनमें कांग्रेस के 63, IUML के 22, केरल कांग्रेस (केईसी) के 8 और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के 3 विधायक हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:केजरीवाल पर ऐक्शन ले जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने छोड़ा शराब घोटाले वाला केस