BJP furious over Mani Shankar Aiyar statement on Operation Sindoor 'इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस'; ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मणिशंकर अय्यर के बयान पर भड़की BJP, India News in Hindi - Hindustan
More

'इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस'; ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मणिशंकर अय्यर के बयान पर भड़की BJP

कांग्रेस नेता मणि शंकर अय्यर को निशाना बनाते हुए भाजपा ने मुख्य विपक्षी दल के ऊपर पाकिस्तान के प्रति नरमी दिखाने का आरोप लगाया। भाजपा प्रवक्ता पूनावाला ने कहा कि अय्यर का यह बयान दिखाता है कि कांग्रेस शुरुआत से ही पाकिस्तान की हिमायती रही है।

Sun, 11 Jan 2026 04:28 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
'इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस'; ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मणिशंकर अय्यर के बयान पर भड़की BJP

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एक बार फिर से अपने बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के निशाने पर आ गए हैं। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता द्वारा दिए गए बयान की भाजपा ने कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी लगातार पाकिस्तान के प्रति नरम रुख अपनाए रखना चाहती है। दरअसल, एक वीडियो में अय्यर भारत सरकार को सलाह देते हुए कहते हैं कि ऑपरेशन सिंदूर को बंद कर देना चाहिए और भारत को पाकिस्तान के साथ बातचीत करना चाहिए।

अय्यर की इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावालन ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के ऊपर पाकिस्तान का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि यह पार्टी आतंकवाद पर भारत के रुख को लगातार कमजोर करती है। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पार्टी का मजाक उड़ाते हुए कहा कि यह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस नहीं बल्कि इस्लामाबाद राष्ट्रीय कांग्रेस है।

सोशल मीडिया पर किए अपने पोस्ट में पूनावाला ने लिखा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ऑपरेशन सिंदूर को खत्म कर पाकिस्तान के साथ बातचीत की बात कर रहे हैं। यह पाकिस्तान पर कांग्रेस पार्टी के दृष्टिकोण को साफ करती है।

इसके अलावा पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस की एक ही पहचान है। यह प्यार करते हैं, जबकि सेना का अपमान करते हैं।

क्या कहा था मणिशंकर अय्यर ने?

कई बार अपने बयानों को लेकर विवादों में आ जाने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में शांति की वकालत की। वायरल वीडियो में उन्होंने भारत सरकार को सलाह देते हुए कहा कि भारत को पाकिस्तान के साथ अपने रिश्तों में सुधार करना चाहिए। सरकार को ऑपरेशन सिंदूर को बंद करके पाकिस्तान के साथ सार्थक बातचीत शुरू करनी चाहिए।

गौरलतब है कि अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तानी आतंकियों को खत्म करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। तीन दिन चले इस ऑपरेशन के बाद दोनों पक्षों के बीच शांति समझौता हुआ।

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।