बंगाल में ममता बनर्जी जीतेंगी, लेकिन... नतीजों से पहले शशि थरूर की क्या भविष्यवाणी
पश्चिम बंगाल में इस बार कौन जीतेगा के सवाल पर शशि थरूर ने कहा कि मेरा सेंस है कि ममता बनर्जी जीतेंगी, लेकिन शायद पिछली बार की तरह बड़ा बहुमत नहीं होगा।

तिरुवनंतपुरम (केरल) से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर एग्जिट पोल पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। साथ ही, उन्होंने 'भविष्यवाणी' भी की है कि उनके हिसाब से इस चुनाव में कौन जीतेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि चुनाव में ममता बनर्जी जीतेंगी, लेकिन इस बार उन्हें पिछली बार की तरह बड़ा बहुमत शायद नहीं मिलेगा।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, शशि थरूर ने कहा, ''बंगाल पर सबकी नजरें हैं। वहां केरल के जैसे नहीं है। एग्जिट पोल में कई सारी कन्फ्यूजन हैं। यह भी सामने आया है कि एक एग्जिट पोल करने वाले ने साफ कहा कि देश में 10 फीसदी वोटर जवाब नहीं देते, लेकिन बंगाल में यह आंकड़ा 60 फीसदी है। ऐसे में इस बार एग्जिट पोल की क्या वैल्यू है, आप समझ सकते हैं।''
बंगाल में इस बार कौन जीतेगा, के सवाल पर थरूर ने कहा, ''मेरा सेंस है कि ममता बनर्जी जीतेंगी, लेकिन शायद पिछली बार की तरह बड़ा बहुमत नहीं होगा। लोगों से बात करके जो समझ सकते हैं, वह एक चीज है, लेकिन गिनती के बाद जो आएगा ,वह अलग बात है।''
बता दें कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। एक ओर तृणमूल कांग्रेस अपनी सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है, तो वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। एग्जिट पोल के आंकड़े भी इसी कड़ी टक्कर की ओर इशारा करते हैं। हालांकि, ज्यादातर पोल्स में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया गया है।
हमें पूरा भरोसा है कि हम केरल जीतेंगे: शशि थरूर
वहीं, कांग्रेस नेता शशि थरूर ने गुरुवार को केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की जीत पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन राज्य की कुल 140 सीटों में से 75 से ज्यादा सीटें जीतेगा। केरल से ताल्लुक रखने वाले थरूर ने कहा कि एग्जिट पोल के नतीजे देखकर उन्हें कोई हैरानी नहीं हुई। ज्यादातर एग्जिट पोल में UDF की जीत का अनुमान लगाया गया था, जो पिछले 10 सालों से राज्य में सत्ता से बाहर है। उन्होंने कहा, "हम जमीन पर मौजूद थे। मैंने 14 में से 12 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार किया है। मुझे पूरा भरोसा है कि हम जीतेंगे।"




साइन इन