bengal election results 37 super bellwether seats Mamata TMC winning formula explained 51 सालों से कभी गलत साबित नहीं हुईं! 37 सीटों के रुझान बताएंगे कौन बनेगा बंगाल का बॉस?, India News in Hindi - Hindustan
More

51 सालों से कभी गलत साबित नहीं हुईं! 37 सीटों के रुझान बताएंगे कौन बनेगा बंगाल का बॉस?

4 मई को बंगाल चुनाव के नतीजों में 294 नहीं, बल्कि 37 'सुपर बेलवेदर' सीटें तय करेंगी विजेता। जानिए क्या कहता है पिछले 51 सालों का ऐतिहासिक चुनावी डेटा और विश्लेषकों का दावा।

Fri, 1 May 2026 11:15 AMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
share
51 सालों से कभी गलत साबित नहीं हुईं! 37 सीटों के रुझान बताएंगे कौन बनेगा बंगाल का बॉस?

पश्चिम बंगाल का सियासी रण हमेशा से ही भारतीय राजनीति का सबसे 'हाई-वोल्टेज' चुनाव रहा है। इस बार भी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच कांटे की टक्कर ने पूरे देश की धड़कनें बढ़ा रखी हैं। 4 मई को जब मतपेटियां खुलेंगी, तो करोड़ों निगाहें टीवी स्क्रीन और चुनाव आयोग के आंकड़ों पर टिकी होंगी कि क्या सत्ता में बदलाव होगा या 'दीदी' का किला अभेद्य बना रहेगा। लेकिन, क्या बंगाल का बॉस कौन होगा, यह जानने के लिए सभी 294 सीटों के रुझान आने तक का लंबा इंतजार करने की जरूरत है? शायद नहीं। चुनावी बिसात पर असली खेल उन चंद खास सीटों पर खेला जाता है, जो शुरुआती मिनटों में ही हवा का रुख बता देती हैं। चुनावी पंडितों की भाषा में इन्हें 'सुपर बेलवेदर' सीटें कहा जाता है- यानी सूबे की वो अचूक सीटें, जो हमेशा उसी की झोली में जाती हैं जिसके सिर बंगाल का ताज सजता है।

हाल ही में पत्रकार प्रणय रॉय के साथ उनके चैनल DeKoder पर बातचीत में चुनाव विश्लेषक दोराब सोपारीवाला ने बंगाल चुनाव को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला डेटा शेयर किया है। उनका यह डेटा बताता है कि 4 मई को जब वोटों की गिनती शुरू होगी, तो पूरे राज्य की 294 सीटों का माथापच्ची करने के बजाय केवल 37 'सुपर बेलवेदर' सीटों के रुझान देखकर ही यह सटीक भविष्यवाणी की जा सकती है कि बंगाल का बॉस कौन होगा। उनके विश्लेषण से निकले अहम डेटा और इन 37 सीटों के पीछे के दिलचस्प सियासी गणित का पूरा विश्लेषण कुछ ऐसा है-

'सुपर बेलवेदर' सीटें क्या हैं और बंगाल का रिकॉर्ड क्यों है खास?

दोराब सोपारीवाला बताते हैं कि 1977 से लेकर 2021 तक हुए पिछले 10 चुनावों में बंगाल की 37 सीटें ऐसी रही हैं, जिन्होंने शत-प्रतिशत सटीकता के साथ हमेशा उसी पार्टी के उम्मीदवार को जिताया है, जिसने अंततः सत्ता हासिल की। इस आंकड़े की अहमियत तब समझ आती है जब इसकी तुलना देश के बाकी राज्यों से की जाती है। दोराब के आंकड़ों के मुताबिक:

  • उत्तर प्रदेश: पिछले 11 चुनावों में केवल 1 ऐसी सीट है जिसका 100% रिकॉर्ड है।
  • बिहार और महाराष्ट्र: यहां एक भी ऐसी सीट नहीं है (शून्य)।
  • मध्य प्रदेश और तमिलनाडु: 3-3 सीटें।
  • ओडिशा और गुजरात: 5-5 सीटें।
  • पश्चिम बंगाल: 37 सीटें।

दोराब इस बात पर जोर देते हैं, "अगर आप पूरे देश की 'सुपर बेलवेदर' सीटों को मिला भी लें, तो भी वे अकेले बंगाल की 37 सीटों के करीब नहीं पहुंचतीं।"

कहां स्थित हैं बंगाल की ये जादुई 37 सीटें?

ये 37 सीटें बंगाल की कुल विधानसभा सीटों का लगभग 13% हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं। डेटा के अनुसार, सामान्य, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) तीनों तरह की सीटों में 'सुपर बेलवेदर' का अनुपात लगभग 13% ही है।

अगर भौगोलिक स्थिति की बात करें तो:

ट्रेंड फॉलो करने वाले इलाके: मध्य कोलकाता, दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम बंगाल के इलाकों में 15 से 20% सीटें ऐसी हैं जो 1977 से 2021 तक हमेशा विजेता के साथ रही हैं। जैसे भवानीपुर, औसग्राम, उदय नारायणपुर, मगरहाट पूर्व, डायमंड हार्बर आदि।

ट्रेंड टूटने का खतरा: दक्षिण-मध्य, उत्तर और पूर्वी बंगाल के कुछ हिस्सों में बीजेपी अपेक्षाकृत मजबूत हुई है। इन इलाकों में 10 चुनावों से चला आ रहा यह ऐतिहासिक लिंक इस बार टूट सकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वोटों की हेराफेरी संभव नहीं; बंगाल में काउंटिंग से पहले HC से TMC को बड़ा झटका

51 साल और केवल 2 सरकारें: इस ऐतिहासिक ट्रेंड की असली वजह

बंगाल में इतने बड़े पैमाने पर बेलवेदर सीटों के होने के पीछे एक बड़ा ऐतिहासिक और राजनीतिक कारण है। पिछले 51 वर्षों के इतिहास में बंगाल ने केवल दो ही सरकारें देखी हैं- 34 साल तक लेफ्ट (वामपंथी) शासन और उसके बाद 17 साल तक तृणमूल कांग्रेस (TMC) का शासन रहा है। सरकारों में बार-बार बदलाव न होने के कारण इन 37 सीटों पर वोटिंग का पैटर्न सत्ता के मिजाज के साथ पूरी तरह से सेट हो चुका है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:EXIT POLLS के बाद हंगामा, EVM पर बवाल; बनर्जी ने स्ट्रॉन्ग रूम में पूछे सवाल

नतीजों वाले दिन (4 मई) के लिए क्या है सबक?

ये 37 सीटें चुनावी पंडितों और पत्रकारों के लिए एक तरह का 'चीट कोड' हैं। विश्लेषकों का सुझाव है कि नतीजों वाले दिन, अगर आप इन 37 सीटों के शुरुआती रुझानों पर पैनी नजर रखते हैं, तो आप पूरे राज्य के नतीजों की भविष्यवाणी बाकी दुनिया से कहीं ज्यादा जल्दी कर सकते हैं। अगर इनमें से ज्यादातर सीटों पर किसी एक पार्टी को शुरुआती बढ़त मिलती दिखती है, तो इतिहास गवाह है कि बंगाल का ताज उसी के सिर सजेगा।