तृणमूल कांग्रेस के एक और नेता पर हमला, मदन मित्रा की कार पर फेंके गए अंडे; ड्राइवर को पीटा
राहत की बात यह है कि हमले के समय मदन मित्रा गाड़ी के अंदर नहीं थे। आरोप है कि जैसे ही कार थोड़ी आगे बढ़ी ड्राइवर की पिटाई कर दी गई। BJP समर्थकों के जमा होने से इलाके में तनाव फैल गया।

Madan Mitra Car Attack: पश्चिम बंगाल में सरकार परिवर्तन के साथ ही ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं को निशाना बनाया जाने लगा है। हाल ही में अभिषेक बनर्जी भीड़ के गुस्से का शिकार बने थे। अब खबर आ रही है कि कमरहाटी से टीएमसी विधायक मदन मित्रा की कार पर अंडे फेंके गए। शनिवार शाम को मित्रा अपने पार्टी ऑफिस में थे तो उन्हें खबर मिली कि BJP समर्थकों ने वार्ड नंबर 14 के पार्षद पर हमला कर दिया है। यह सुनकर वे तुरंत उस इलाके में पहुंचे। वहां उनका सामना उपद्रवियों के एक समूह से हुआ। जब उन्होंने उनसे पूछा कि वे क्यों आए हैं तो वे आक्रामक हो गए और उनकी कार पर हमला कर दिया। ईंटें और अंडे फेंके।
राहत की बात यह है कि हमले के समय मदन मित्रा गाड़ी के अंदर नहीं थे। आरोप है कि जैसे ही कार थोड़ी आगे बढ़ी ड्राइवर की पिटाई कर दी गई। BJP समर्थकों के जमा होने से इलाके में तनाव फैल गया।
मदन मित्रा ने घटना पर टिप्पणी करते हुए कहा, "मैं अपने MLA ऑफिस में एक बैठक कर रहा था। तभी कमरहाटी के कुछ लोगों ने मुझे बताया कि कुछ लोग स्थानीय लोगों को डरा-धमका रहे हैं और हमला हुआ है। मैंने कहा कि मैं दक्षिणेश्वर में बप्पा के ऑफिस जा रहा हूं। मैं वहां गया और जिन घरों पर हमला हुआ था उनकी जानकारी नोट कर रहा था। तभी कुछ लोग अचानक आए और मुझसे कहा, 'दादा 100-150 युवाओं का एक समूह ने केसरिया स्कार्फ पहन रखे हैं और जय श्री राम के नारे लगा रहे हैं। उनके इरादे अच्छे नहीं लग रहे हैं। उन्होंने उस कमरे का दो बार चक्कर लगाया है जहां मैं बैठा था।'"
गौरतलब है कि टीएमसी के नेताओं और MLA के खिलाफ जनता के गुस्से की घटनाएं हर जगह सामने आ रही हैं। तृणमूल MLA की तस्वीरों पर जूते और झाड़ू मारे गए। जयप्रकाश मजूमदार और अभिषेक बनर्जी जैसे नेताओं पर अंडे फेंके गए। एक तृणमूल पार्षद के कपड़े उतारकर पिटाई भी की गई। तृणमूल नेता जयप्रकाश मजूमदार पर अंडे फेंके गए, जिन्हें छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया था। तलाशी के लिए साल्ट लेक स्थित उनके ऑफिस ले जाते समय उन्हें अंडों की बौछार और "चोर-चोर" के नारों का सामना करना पड़ा।
इससे पहले सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी के आसपास अफरातफरी का माहौल बन गया। उन्हें काले झंडे दिखाए गए। विरोध कर रही भीड़ के बीच से सुरक्षित निकालने के लिए सुरक्षाकर्मियों को उसे हेलमेट पहनाना पड़ा। मीडिया के सामने उसकी शर्ट भी फट गई। गुस्से में भरी भीड़ ने "चोर-चोर" के नारे लगाते हुए उस पर कई अंडे फेंके और हमला किया।




साइन इन