विजय के सभी MLA दे सकते हैं इस्तीफा, DMK-AIADMK में गठबंधन की तैयारी; तमिलनाडु में क्या चल रहा
द्रमुक अध्यक्ष और तमिलनाडु के निवर्तमान मुख्यमंत्री स्टालिन ने गुरुवार को नव-निर्वाचित विधायकों से पार्टी के हित में नेतृत्व द्वारा लिए गए फैसले का पालन करने को कहा और उन्हें रविवार 10 मई तक चेन्नई न छोड़ने का निर्देश दिया।

तमिलनाडु में नतीजे सामने के बाद स्थिति रोचक हो गई है। कोई भी दल या चुनाव पूर्व गठबंधन सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है। अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने वाले ऐक्टर विजय की पार्टी टीवीके भले ही सबसे अधिक विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन उसके पास सरकार बनाने का बहुमत नहीं है। विजय ने पहले ही डीएमके या एआईडीएमके से समर्थन लेने से इनकार कर दिया है। वह बार-बार राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर रहे हैं, लेकिन पर्याप्त संख्या नहीं होने के कारण उन्हें वापस भेज दिया जा रहा है।
गवर्नर से दो बार मिलने के बाद भी टीवीके को सरकार बनाने का न्योता नहीं मिलने पर सियासत गरमा गई है। खबर आ रही है कि स्टालिन की डीएमके और एआईएडीएमके के बीच एक समझौता हो सकता है। दोनों दलों को साथ लाने में भाजपा अहम भूमिका निभा रही है। अगर दोनों के बीच आपसी सहमति बन जाती है तो यह नया गठबंधन भी सरकार बनाने का दावा पेश कर सकता है।
द्रमुक अध्यक्ष और तमिलनाडु के निवर्तमान मुख्यमंत्री स्टालिन ने गुरुवार को नव-निर्वाचित विधायकों से पार्टी के हित में नेतृत्व द्वारा लिए गए फैसले का पालन करने को कहा और उन्हें रविवार 10 मई तक चेन्नई न छोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, "मेरी इच्छा एक बहुत अच्छे रचनात्मक विपक्ष के तौर पर काम करने की है। फिर भी, मैं पार्टी के हितों को ध्यान में रखते हुए कुछ अहम फैसले लूंगा।"
इस्तीफे की धमकी
डीएमके और एआईडीएके के बीच गठबंधन की अटकलों पर विजय की पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि अगर इन दोनों दलों ने नई सरकार बनाने की कोशिश की तो टीवीके के सभी 108 विधायक इस्तीफा दे देंगे। विजय की पार्टी का तर्क है कि सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते, राज्यपाल को सरकार बनाने के लिए उनके नेता विजय को आमंत्रित करना चाहिए लेकिन अभी तक राज्यपाल ने ऐसा नहीं किया है।
विजय को देना होगा इस्तीफा
आपको बता दें कि विजय थलपति की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) साधारण बहुमत से दूर है। हालांकि कांग्रेस ने पांच विधायकों के साथ टीवीके को समर्थन देने की पेशकश की है, लेकिन विजय की पार्टी को 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में साधारण बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। विधानसभा चुनावों में टीवीके ने 108 सीटें जीतीं, जिनमें विजय की जीती दो सीटें भी शामिल हैं। उन्हें एक सीट खाली करनी होगी।
तमिलनाडि में AIADMK ने 47 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी पीएमके को चार और भाजपा व एएमएमके को एक-एक सीट मिली। सत्तारूढ़ द्रमुक को 59 सीटें मिली हैं, जबकि उसके सहयोगी कांग्रेस को पांच सीटों से संतोष करना पड़ा है। गठबंधन के अन्य घटकों- आईयूएमएल, भाकपा, माकपा और वीसीके को दो दो जबकि डीएमडीके को एक सीटें मिली है।




साइन इन