Ajit Pawar dies in Plane crash PM Modi express grief अजित पवार के निधन पर भावुक हुए पीएम मोदी, बताया क्यों किया जाएगा उन्हें याद, India News in Hindi - Hindustan
More

अजित पवार के निधन पर भावुक हुए पीएम मोदी, बताया क्यों किया जाएगा उन्हें याद

इससे पहले अजित पवार का निजी विमान बुधवार सुबह बारामती हवाई पट्टी पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार अजित पवार के साथ एक निजी सुरक्षा अधिकारी, एक सहायक और चालक दल के दो सदस्य की भी मौत हो गई।

Wed, 28 Jan 2026 11:20 AMJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share
अजित पवार के निधन पर भावुक हुए पीएम मोदी, बताया क्यों किया जाएगा उन्हें याद

Ajit Pawar: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार को एक दुखद हादसे में निधन हो गया है। बारामती हवाई अड्डे पर उतरते समय उनका प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसके बाद विमान में सवार सभी 5 यात्रियों की मौत हो गई है। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अजित पवार के निधन पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने अजित पवार को याद करते हुए कहा है कि उनका असमय निधन बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि अजित पवार जनता के नेता थे। उनकी जमीनी पकड़ अद्भुत थी। उन्हें महाराष्ट्र की जनता की फ्रंट पर रहकर सेवा करने के लिए जाना जाता था। पीएम मोदी ने लिखा, “प्रशासनिक मामलों पर उनकी समझ और गरीबों के लिए उनके काम याद किए जाएंगे। उनका असमय निधन बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है। उनके परिवार और लाखों प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति!”

विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त

इससे पहले बुधवार सुबह पुणे में अजित पवार का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पवार राज्य में पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के प्रचार अभियान के तहत जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। फ्लाइट रडार के मुताबिक विमान ने मुंबई से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी और सुबह करीब आठ बजकर 45 मिनट पर यह रडार की पहुंच से गायब हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना के वक्त उसमें पांच लोग सवार थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वो शख्स जो कभी नहीं हुआ सत्ता से बाहर, राजनीति में अजित पवार ने जमाई ऐसी धाक
ये भी पढ़ें:अजित पवार निधन LIVE: मोदी ने जताया दुख, दिल्ली से लौट रहीं पत्नी; एक इच्छा अधूरी

पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया है कि दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई। उन्होंने बताया, ‘‘विमान में सवार सभी लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किसी को बचाया नहीं जा सका।’’ वहीं एक सूत्र ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पायलट ने विमान को उतारने का प्रयास करने से पहले हवाई पट्टी के पास खराब दृश्यता के बारे में बताया था।

6 बार बने महाराष्ट्र के डिप्टी CM

अजित पवार रिकॉर्ड 6 बार महाराष्ट्र के डिप्टी CM बने। उनके परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा और दो बेटे पार्थ और जय हैं। सुनेत्रा राज्यसभा सदस्य हैं। हाल में पुणे और पिंपरी चिंचवड में हुए नगर निगम चुनाव में पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने शरद पवार की राकांपा (शप) के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था।

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।