Air India Plane Crash Lone Survivor Vishwas Kumar Seat on Which Seat एयर इंडिया के विमान की किस सीट पर बैठा था वो इकलौता शख्स, जो हादसे में बच गया जिंदा, India News in Hindi - Hindustan
More

एयर इंडिया के विमान की किस सीट पर बैठा था वो इकलौता शख्स, जो हादसे में बच गया जिंदा

एयर इंडिया विमान हादसे में जिंदा बचने वाले विश्वास कुमार रमेश सीट संख्या 11ए पर बैठे थे। वह इकलौते शख्स हैं, जो इस हादसे में जिंदा बचे हैं। विमान की डिजाइन के अनुसार, सीट 11ए इकॉनमी क्लास की पहली लाइन में, बिजनेस क्लास के ठीक पीछे होती है।

Thu, 12 June 2025 10:34 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, अहमदाबाद
share
एयर इंडिया के विमान की किस सीट पर बैठा था वो इकलौता शख्स, जो हादसे में बच गया जिंदा

गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में एक शख्स जिंदा बच गया। 40 वर्षीय विश्वास कुमार रमेश एयर इंडिया के उस विमान में सवार थे, जो गुरुवार दोपहर टेकऑफ करने के कुछ ही मिनटों में हादसे का शिकार हो गया। यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। इस हादसे में अब तक 204 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि आंकड़ा अभी बढ़ सकता है। इस दुर्घटना में विश्वास कुमार के जिंदा बचने के बाद लोगों में यह जानने की इच्छा है कि आखिर वे किस सीट पर बैठे हुए थे। दरअसल, वे एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 की सीट संख्या 11ए पर बैठे थे। वह इकलौते शख्स हैं, जो इस हादसे में जिंदा बचे।

विमान की डिजाइन के अनुसार, सीट 11ए इकॉनमी क्लास की पहली लाइन में, बिजनेस क्लास के ठीक पीछे होती है। यह विमान के बाईं ओर एक खिड़की वाली सीट है। यह सीट इमरजेंसी एग्जिट के पास है, जिसकी वजह से माना जा रहा है कि इतना वीभत्स हादसा होने के बाद भी विश्वास कुमार की जान बच गई। अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने बताया कि, "पुलिस को सीट 11ए पर एक व्यक्ति जीवित मिला।" हादसे के बाद एक वीडियो में सफेद टीशर्ट पहने एक शख्स सड़क पर चलता हुआ दिखाई दे रहा है। यही शख्स विश्वास कुमार बताए जा रहे हैं। उनके शरीर पर चोट और खून के निशान देखे जा सकते हैं। हादसे के बाद विश्वास कुमार को शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वह अपने भाई के साथ लंदन जा रहे थे।

Air India Plane Crash Lone Survivor Vishwas Kumar Seat on Which Seat

अहमदाबाद सिविल अस्पताल के ट्रॉमा वॉर्ड में काम करने वाले डॉ. श्रीक एम ने 'पीटीआई' को बताया कि रमेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विश्वाश कुमार एक ब्रिटिश-भारतीय हैं और एक यात्रा के बाद ब्रिटेन लौट रहे थे। उन्होंने एचटी से बात करते हुए कहा कि जब वह उठे तो उनके चारों ओर लाशें बिखरी हुई थीं। वह डर गए और वहां से भागने लगे। उड़ान भरने के तीस सेकंड में ही विमान हादसे का शिकार हो गया। उन्होंने अपने भाई के साथ उड़ान भरी थी, जिसे वे खोजने की कोशिश करते हुए दिखाई दिए। लंदन जाने वाली एयर इंडिया की AI-171 फ्लाइट, जिसमें चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे, अहमदाबाद में उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।