AI समिट में शर्टलेस प्रदर्शन पर कांग्रेस को विपक्षी पार्टियों ने ही घेरा, किसने क्या कहा?
AI समिट में युवा कांग्रेस द्वारा किए गए हंगामे को लेकर अन्य विपक्षी पार्टियां कांग्रेस के खिलाफ खड़ी हो गई हैं। मायावती से लेकर जगन मोहन रेड्डी और अखिलेश यादव ने भी कांग्रेस के इस कदम की कड़ी आलोचना की है और कहा कि इससे देश की छवि को नुकसान पहुंचता है।

उतनई दिल्ली में वैश्विक एआई समिट और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का हंगामा... पिछले दो दिनों से इस मुद्दे ने भारत की राजनीति में तेजी बनाकर रखी है। भाजपा एक और इस मुद्दे के जरिए कांग्रेस की तरफ से दिखाई गई अनुशासनहीनता के लिए उसकी आलोचना कर रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस इसे लोकतांत्रिक अधिकार बताकर अपने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की तारीफ कर रही है। लेकिन अब मामला बदलने लगा है। कांग्रेस पार्टी को इस प्रदर्शन के लिए साथी विपक्षी दलों का ही साथ नहीं मिल रहा है। अखिलेश यादव से लेकर जगन मोहन रेड्डी और मायावती से लेकर टीडीपी के नारा लोकेश सभी ने कांग्रेस पार्टी की आलोचना की है। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकार ही बताया है।
कांग्रेस की तरफ से की गई इस हरकत पर सबसे पहले भाजपा ने हमला करना शुरू किया। भाजपा की तरफ कहा गया कि युवा कांग्रेस की तरफ से जो कुछ एआई समिट में किया गया, वह बहुत ही ज्यादा भद्दा था। इससे देश की छवि को नुकसान पहुंचता है।
आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम जगन मोहन रेड्डी ने सुनाया
इसके बाद वाईएसआर कांग्रेस के मुखिया और पूर्व आंध्र मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने भी कांग्रेस पार्टी की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि भारत में राजनीतिक मतभेदों के बावजूद दुनिया के सामने हमें एकजुट होकर नजर आना जरूरी है। उन्होंने लिखा, "कल एआई समिट में यूथ कांग्रेस ने हम सभी को शर्मिंदा किया है। हमारी राजनीति किस दिशा में जा रही है। किसी को भी कभी हमारे देश को ऐसे नीचा नहीं दिखाना चाहिए। राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन दुनिया के सामने हमें आपस में एकजुट होकर ही रहना चाहिए।"
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने की आलोचना
यूपी में बहुजन समाजवादी पार्टी की मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी कांग्रेस पार्टी के इस हंगामे की निंदा की। उन्होंने कहा, "नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्स समिट , जिसमें देश-विदेश की कई प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया था और जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में था, उसमें कुछ व्यक्तियों द्वारा, जिन्हें मुख्यतः युवा कांग्रेस का सदस्य बताया जा रहा है। ऐसा अर्धनग्न होकर अपना गुस्सा जाहिर करना अत्यंत निंदनीय और आपत्तिजनक है।"
उन्होंने आगे लिखा,"यदि यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर का न होता तो बात अलग होती, लेकिन ऐसे आयोजन के दौरान इस प्रकार का आचरण चिंता का विषय है। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि हमारे देश की गरिमा और छवि को नुकसान न पहुंचे।"
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी लताड़ा
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की इस हरकत की आलोचना की। उन्होंने कहा, "हंगामा करना गलत है, इससे विदेशी डेलीगेट्स के सामने हमारे देश का अपमान होता है। जब दुनिया भर से प्रतिनिधि मौजूद हों, तो हमें ऐसी रुकावट पैदा नहीं करना चाहिए। इस मामले में हम सरकार के साथ हैं। सरकार के साथ हमारी लड़ाई हमारा आंतरिक मुद्दा है।"
टीडीपी ने सुनाया
केंद्र में भाजपा का के साथ सत्ता में बैठी तेलगू देशम पार्टी ने भी कांग्रेस पार्टी को जमकर लताड़ लगाई है। टीडीपी की तरफ से महासचिव नारा लोकेश ने लिखा, "मैं एआई समिट में यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए व्यवधान से स्तब्ध और निराश हूं। यह वैश्विक मंच भारत की उभरती हुई एआई महाशक्ति के रूप में नेतृत्व की क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए था। ऐसे प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय आयोजन को राजनीतिक तमाशे में बदल देना हमारी सामूहिक प्रतिष्ठा को कम करता है। भारत इससे बेहतर का हकदार है।
भाजपा समेत तमाम पार्टियों ने भले ही इस मुद्दे पर सरकार का साथ दिया हो, लेकिन कांग्रेस पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी हुई है। कांग्रेस पार्टी की तरफ से कहा गया है कि भारत एक लोकतंत्र है और लोकतंत्र में, विरोध करने का अधिकार सभी का होता है, सभी को अपनी राय रखने का अधिकार होता है।
दरअसल, यह पूरा मामला एआई समिट के आखिरी दिन शुरू हुआ था। इस दिन युवा कांग्रेस से जुड़े कुछ नेता एआई समिट में पहुंचे और वहां पर उन्होंने शर्ट निकालकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। उन्होंने अपनी टीशर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर छपवाई हुई थी। इसके अलावा इस पर क्रॉम्प्रोमाइज्ड पीएम भी लिखा हुआ था।
थोड़ी देर तक हुए इस हंगामे के बाद पुलिस उन्हें वहां से बाहर निकाल कर ले गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने उन सभी को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिन की कस्टडी में भेज दिया गया है।




साइन इन