अग्नि-5 पाकिस्तान के कई शहरों पर परमाणु हमला करने में सक्षम, MIRV ने बढ़ाई सेना की ताकत
इसके साथ ही भारत अब जमीन, हवा और समुद्र तीनों माध्यमों से परमाणु हमला करने में सक्षम है। अप्रैल में भारतीय नौसेना ने अपनी तीसरी परमाणु संचालित बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी, INS अरिदमन को कमीशन किया।

Agni-5 Missile: भारत ने रक्षा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक मील का पत्थर पार कर लिया है। रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को घोषणा की कि भारत ने स्वदेशी रूप से विकसित अग्नि-5 मिसाइल का सफल परीक्षण किया है, जो MIRV तकनीक से लैस है। यह परीक्षण शुक्रवार को ओडिशा के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया। मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टार्गेटेबल री-एंट्री व्हीकल (MIRV) तकनीक का सबसे बड़ा लाभ यह है कि एक ही मिसाइल के जरिए कई परमाणु हथियारों को ले जाया जा सकता है। ये हथियार सैकड़ों किलोमीटर के दायरे में फैले दुश्मन के अलग-अलग लक्ष्यों को निशाना बना सकते हैं।
इस मिसाइल की मारक क्षमता 5,000 किलोमीटर से अधिक है। इससे पाकिस्तान के कई शहरों को सटीक निशाना बनाया जा सकता है। हालांकि आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन सैन्य वैज्ञानिकों के अनुसार यह 4 से 5 वारहेड ले जाने में सक्षम है।
मिशन दिव्यास्त्र
भारत ने इस तकनीक का पहला सफल परीक्षण मार्च 2024 में किया था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मिशन दिव्यास्त्र' का नाम दिया था। इस परीक्षण के साथ ही भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों के क्लब में शामिल हो गया है जिनके पास MIRV तकनीक है। इनमें अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, रूस और चीन शामिल हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे भारत की रक्षा तैयारियों में एक अविश्वसनीय क्षमता बताया।
भारत का 2003 का परमाणु सिद्धांत नो फर्स्ट यूज (पहले प्रयोग नहीं) की प्रतिबद्धता पर आधारित है। इसका अर्थ है कि भारत केवल परमाणु हमले के जवाब में ही इन हथियारों का उपयोग करेगा, लेकिन यह जवाबी कार्रवाई इतनी भीषण होगी कि दुश्मन को अकल्पनीय क्षति पहुंचाएगी। परमाणु हमले की अनुमति केवल न्यूक्लियर कमांड अथॉरिटी द्वारा दी जा सकती है, जिसके प्रमुख प्रधानमंत्री होते हैं।
इसके साथ ही भारत अब जमीन, हवा और समुद्र तीनों माध्यमों से परमाणु हमला करने में सक्षम है। अप्रैल में भारतीय नौसेना ने अपनी तीसरी परमाणु संचालित बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी, INS अरिदमन को कमीशन किया। भारत अब दुनिया के उन 6 देशों में शामिल है जो समुद्र के भीतर से परमाणु हमला कर सकते हैं।
स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की जनवरी 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत के पास 180 परमाणु वारहेड हैं। इसके अलावा, चीन के पास 600 परमाणु वारहेड, पाकिस्तान के पास 170 परमाणु वारहेड हैं।
अग्नि सीरीज की अन्य मिसाइलें
भारत के पास अनग्नि सीरीज की मिसाइलों की लंबी रेंज है। उनमें अग्नि-1 (700 किमी), अग्नि-2 (2,000 किमी), अग्नि-3 (3,000 किमी), और अग्नि-4 (4,000 किमी) प्रमुख हैं।




साइन इन