Abhishek Banerjee Attack Case Thanks Rahul Gandhi Says I will never bow down before those in power सत्ता में बैठे लोगों के सामने कभी नहीं झुकूंगा, राहुल गांधी का धन्यवाद कर क्या बोले अभिषेक बनर्जी, India News in Hindi - Hindustan
More

सत्ता में बैठे लोगों के सामने कभी नहीं झुकूंगा, राहुल गांधी का धन्यवाद कर क्या बोले अभिषेक बनर्जी

भाजपा सरकार को घेरते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यही आज की भाजपा की वास्तविकता है। यदि आप उनका समर्थन करते हैं, तो आप देशभक्त हैं। यदि आप उनसे सवाल करते हैं, तो आप निशाना बन जाते हैं। 

Sun, 31 May 2026 04:27 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
सत्ता में बैठे लोगों के सामने कभी नहीं झुकूंगा, राहुल गांधी का धन्यवाद कर क्या बोले अभिषेक बनर्जी

पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में खुद पर हुए हमले के बाद तृणमूल कांग्रेस के महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन के लिए रविवार को उनका आभार जताया है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए इसे 'राज्य प्रायोजित आतंकवाद' करार दिया है। बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "चिंता और निरंतर समर्थन के लिए राहुल जी आपका धन्यवाद। हम भारत की आत्मा की रक्षा करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को बचाने और हमारे संविधान में निहित मूल्यों को बनाए रखने की अपनी लड़ाई में एकजुट और दृढ़ हैं।" अभिषेक ने कहा कि वह सिर्फ जनता के सामने ही झुकेंगे, नाकि सत्ता के सामने।

तृणमूल महासचिव ने कहा, "पिछले साल, मैंने 'ऑपरेशन सिंदूर' के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पांच देशों की यात्रा की थी। मैंने अपने देश का पक्ष रखा और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहा। आज, मैं उन लोगों द्वारा फैलाई गई राजनीतिक हिंसा और राज्य प्रायोजित आतंकवाद का शिकार बना हूं, जो राष्ट्रवाद के रक्षक होने का दावा करते हैं।"

भाजपा सरकार को घेरते हुए सांसद ने कहा, "यही आज की भाजपा की वास्तविकता है। यदि आप उनका समर्थन करते हैं, तो आप देशभक्त हैं। यदि आप उनसे सवाल करते हैं, तो आप निशाना बन जाते हैं। मैं अपने सिद्धांतों को छोड़कर आराम की जिंदगी जीने के बजाय लोकतंत्र की रक्षा करते हुए धमकियों का सामना करना पसंद करूंगा।" बनर्जी ने सत्ता में बैठे लोगों को चेतावनी देते हुए कहा, "सत्ता अस्थायी है। जनता की इच्छा स्थायी है। मैं केवल जनता के सामने झुकूंगा, सत्ता में बैठे लोगों के सामने कभी नहीं। हम उन लोगों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे जो लोकतंत्र को कमजोर करना और हमारे देश को बांटना चाहते हैं। 'इंडिया' गठबंधन एकजुट है और हम सब मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि डर, नफरत, हिंसा और धमकी की राजनीति परास्त हो और जनता की आवाज की जीत हो।"

इससे पहले, शनिवार को गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर हमले की निंदा करते हुए कहा था, " एक सांसद पर हमला महज एक व्यक्ति पर हमला नहीं है-यह उन लोगों पर हमला है जिन्होंने उन्हें चुना है, और उस लोकतंत्र पर हमला है जो हमारी साझा विरासत है।" कांग्रेस नेता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "यह भाजपा की बदले की राजनीति का बदसूरत चेहरा है। राजनीतिक मतभेद कभी भी हिंसा को सही नहीं ठहरा सकते।"

हमले के मामले में छह गिरफ्तार

दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इलाके से जुटाये गये वीडियो फुटेज के जरिये आरोपियों की पहचान की गयी। सोनारपुर पुलिस स्टेशन ने इस घटना के संबंध में स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज करने के बाद यह गिरफ्तारियां की हैं। अभी तक न तो बनर्जी और न ही तृणमूल कांग्रेस की तरफ से कोई औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है। बनर्जी चुनाव के बाद हुई हिंसा में मारे गये एक तृणमूल कार्यकर्ता के परिवार से मिलने सोनारपुर गये थे।