आर्थिक तूफान सर पर और टॉफी बांटने में मशगूल हैं PM! अब मेलोडी मोमेंट पर राहुल ने बोला हमला
कांग्रेस नेता ने आर्थिक संकट और बढ़ती महंगाई को लेकर भी चेतावनी दी है और कहा है कि एक आर्थिक उथल-पुथल आने वाली है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले महीनों में पेट्रोल, डीजल और कुकिंग गैस की कीमतें तेजी से बढ़ सकती हैं।

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है और तंज कसा है कि जब देश आर्थिक तूफान का सामना कर रहा है, तो उस समय पीएम इटली में टॉफी बाँट रहे हैं। राहुल की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब प्रधानमंत्री मोदी इटली के दौरे पर हैं। वहां उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को 'Melody' टॉफी गिफ्ट की है, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर इन दोनों नेताओं से जुड़ा "Melodi" मोमेंट एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
बुधवार (20 मई) को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर 'Melodi' मोमेंट को लेकर मोदी पर निशाना साधा और लिखा, “आर्थिक तूफान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफ़ी बाँट रहे हैं! किसान, युवा, महिलाएँ, मज़दूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं - PM हंसकर रील बना रहे हैं, और BJP वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।”
इटली की पीएम ने शेयर किया मेलोडी मोमेंट का वीडियो
दूसरी तफ, इटली की पीएम मेलोनी द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में इटली की नेता को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "PM मोदी हमारे लिए एक गिफ़्ट लाए हैं। यह Melody है।" इसके साथ ही वह प्रधानमंत्री द्वारा दी गई Melody चॉकलेट का पैकेट भी दिखा रही हैं। मेलोनी ने वीडियो के साथ लिखा, "इस तोहफ़े के लिए धन्यवाद।" यह क्लिप सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
बता दें कि 'मोदी' और 'मेलोनी' नामों को मिलाकर बनाया गया शब्द 'मेलोडी'(Melodi) सबसे पहले इटली की प्रधानमंत्री ने 2023 में दुबई में COP28 के दौरान इस्तेमाल किया था। बाद में, जब इन दोनों नेताओं को अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में दोस्ताना पल साझा करते देखा गया, तो यह शब्द काफी लोकप्रिय हो गया।
जब तक मौजूदा सरकार नहीं बदलती, महंगाई बढ़ती रहेगी
इससे पहले राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में एक 'बहुजन स्वाभिमान सभा' को संबोधित करते हुए पीएम मोदी की हालिया अपील का भी ज़िक्र किया, जिसमें उन्होंने लोगों से ईंधन का इस्तेमाल कम करने, सोने की खरीद सीमित करने और विदेश यात्रा से बचने को कहा था। राहुल गांधी ने दावा किया कि यह अपील ज़रूरी चीज़ों की कीमतों में संभावित भारी बढ़ोतरी की ओर इशारा करती है। राहुल गांधी ने मंगलवार को भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक मौजूदा सरकार नहीं बदलती, महंगाई बढ़ती रहेगी। उन्होंने पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह कभी नॉर्वे का दौरा करते हैं, कभी जापान का, जबकि लोगों से विदेश यात्राओं से बचने का आग्रह करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक मौजूदा सरकार नहीं बदलती, महंगाई बढ़ती रहेगी।




साइन इन