'राम मंदिर के चढ़ावे से 5 करोड़ की डकैती हो गई', संजय राउत बोले- अयोध्या जाएंगे उद्धव
अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे से 5 करोड़ की डकैती का दावा! संजय राउत ने भाजपा सरकार पर बोला हमला, उद्धव ठाकरे जाएंगे अयोध्या। जानिए अखिलेश यादव और ट्रस्ट की पूरी प्रतिक्रिया।

संजय राउत ने अयोध्या के राम मंदिर की दान पेटी से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये से अधिक की चोरी के मामले में केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद राउत ने आरोप लगाया है कि यह घटना CCTV में कैद हुई थी, लेकिन अब उस फुटेज को ही गायब कर दिया गया है। इस पूरे विवाद के बीच उन्होंने घोषणा की है कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे जल्द ही अयोध्या का दौरा करेंगे।
संजय राउत का बड़ा दावा
संजय राउत ने मीडिया से बात करते हुए इस कथित घोटाले को लेकर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर सीधे सवाल खड़े किए हैं। राउत ने कहा, "राम मंदिर के चढ़ावे से... दान पेटी से 5 करोड़ रुपये से अधिक की डकैती की गई है। यह सब CCTV फुटेज में साफ तौर पर दिखाई दे रहा था। जिस राम मंदिर में नरेंद्र मोदी ने तपस्या की... पूरे विश्व को बुलाया वो इवेंट देखने के लिए.. आपके लोगों ने कहा था- जिसने राम को लाया.. उसको हम लाएंगे। लाया... लेकिन राम के घर में चोरी हो गई। यूपी में भी आपकी सरकार, दिल्ली में भी आपकी सरकार। लेकिन राम अयोध्या में सुरक्षित नहीं। आप बार-बार हवा फैलाते हैं कि आतंकी आएंगे.. राम के ऊपर हमला कर देंगे। लोगों को डराते हो आप। राम के चढ़ावे के 5 करोड़ रुपये अगर चोरी होते हैं तो उसके लिए जिम्मेदार आपकी सरकार है। यूपी की भी और केंद्र की भी। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है लेकिन वो फुटेज भी चोरी हो गया।"
भाजपा पर सीधा निशाना साधते हुए राउत ने कहा- “आप (भाजपा) EVM चुराते हैं, वोट चुराते हैं, सीटें चुराते हैं और अब आपने भगवान राम के चढ़ावे को भी चुरा लिया है। आपके साथ हर जगह सिर्फ चोरी जुड़ी है। अगर राम के दरबार से 5 करोड़ की चोरी होती है, तो इसके लिए सीधे तौर पर यूपी और केंद्र की सरकार जिम्मेदार है।”
"प्रभु राम हमें वापस बुला रहे हैं"
इस पूरे घटनाक्रम से आहत होने की बात कहते हुए संजय राउत ने बताया कि उद्धव ठाकरे जल्द ही अयोध्या के दौरे पर जाएंगे। उन्होंने कहा, "हम राम मंदिर के आंदोलन में हमेशा आगे रहे हैं। हमें लगता है कि राम हमको बुला रहे हैं कि आइए अयोध्या.. मेरे घर में चोरी हुई है। मैं असुरक्षित हूं। कल मेरी उद्धव ठाकरे जी से बात हुई और मैंने उनसे कहा कि हमें अयोध्या जाना चाहिए। अयोध्या दौरे का कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। हम सबसे पहले अयोध्या जाएंगे, भगवान राम के दर्शन करेंगे और उनके सामने सिर झुकाकर क्षमा मांगेंगे।"
क्या है राम मंदिर चंदा चोरी का पूरा विवाद?
हाल ही में अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में करोड़ों रुपये के गबन और चोरी के राजनीतिक आरोप सामने आए हैं, जिसने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए इसे दुनियाभर के रामभक्तों की आस्था से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला बताया है। अखिलेश ने मांग की है कि न्यायालय इस मामले का स्वतः संज्ञान ले। उन्होंने यह भी सुझाव दिया है कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सभी सदस्यों को एक साथ बिठाकर CCTV फुटेज के जरिए रुपयों की गिनती और आंकड़ों का क्रॉस-वेरिफिकेशन किया जाना चाहिए।
इन गंभीर आरोपों के बाद 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट' के महासचिव चंपत राय ने सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि ट्रस्ट और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के प्रतिनिधियों द्वारा नियमित रूप से आंतरिक ऑडिट किया जाता है, जो वर्तमान में भी चल रहा है। ट्रस्ट के अनुसार, अब तक की ऑडिट प्रक्रिया में ऐसी किसी भी चोरी या गड़बड़ी की बात सामने नहीं आई है और विपक्ष के आरोप बेबुनियाद हैं।




साइन इन