31 including 7 women arrested for rave partyin bengaluru farmhouse फार्महाउस में चल रही थी रेव पार्टी, पुलिस ने सात महिलाओं समेत 31 को गिरफ्तार किया, India News in Hindi - Hindustan
More

फार्महाउस में चल रही थी रेव पार्टी, पुलिस ने सात महिलाओं समेत 31 को गिरफ्तार किया

बेंगलुरु में एक फार्महाउस में कम से कम 31 लोगों को रेव पार्टी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इसमें सात महिलाएं भी शामिल हैं। इनके सैंपल टेस्ट के लिए भेजे गए हैं।

Mon, 26 May 2025 03:01 PMAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
फार्महाउस में चल रही थी रेव पार्टी, पुलिस ने सात महिलाओं समेत 31 को गिरफ्तार किया

कर्नाटक के देवनहल्ली में कन्नामंगला गेट के पास एक फार्महाउस में रविवार तड़के पुलिस ने छापा मारकर एक संदिग्ध रेव पार्टी में शामिल 31 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 24 पुरुष और सात महिलाएं शामिल हैं, ये सभी प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के कर्मचारी बताए गए हैं।

देवनहल्ली पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर सुबह पांच बजे एक फार्महाउस पर छापा मारा, जहां जन्मदिन की पार्टी के दौरान नारकोटिक्स का इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके से कोकीन, हशीश, हाइड्रो गांजा, अन्य मादक पदार्थ और महंगी शराब बरामद की गई।

एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हमने पार्टी में शामिल लोगों को पकड़ लिया है और उनके रक्त और मूत्र के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं।' सभी आरोपियों पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस घटना से संबंधित जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक स्थानीय लोगों ने पुलिस को कुछ अजीब होने की सूचना दी थी। इसके बाद सुबह के पांच बजे पुलिस फार्महाउस पर पहुंची। गेट खुलावाया गया तो पुलिस हैरान रह गई। यहां सात महिलाओं समेत कुल 31 लोग नशे की हालत में थे। ज्यादातर की उम्र 24 से 30 साल के बीच है।

पुलिस ने बताया कि इस पार्टी में ड्रग पैडलर भी शामिल था। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ड्रग सप्लाई की चेन कहां से जुड़ी है। यह पार्टी निजी कंपनी के एक कर्मचारी माजा शरीफ के जन्मदिन के मौके पर आयोजित की गई थी।