MBS and Putin hold high level talks amid Iran conflict Know what decided ईरान युद्ध के बीच MBS और पुतिन के बीच हाई-लेवल की बातचीत; क्या हुआ तय?, Middle-east Hindi News - Hindustan
More

ईरान युद्ध के बीच MBS और पुतिन के बीच हाई-लेवल की बातचीत; क्या हुआ तय?

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच गुरुवार को टेलीफोन पर महत्वपूर्ण बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय सैन्य तनाव और समुद्री सुरक्षा के बढ़ते खतरों पर विस्तार से चर्चा की।

Thu, 2 April 2026 11:10 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
ईरान युद्ध के बीच MBS और पुतिन के बीच हाई-लेवल की बातचीत; क्या हुआ तय?

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच गुरुवार को टेलीफोन पर महत्वपूर्ण बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय सैन्य तनाव और समुद्री सुरक्षा के बढ़ते खतरों पर विस्तार से चर्चा की। सऊदी अरब की सरकारी समाचार एजेंसी (SPA) ने इसकी पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि बातचीत में दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने और समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। हालांकि, बातचीत के दौरान कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। यह वार्ता ऐसे समय में हुई है जब मध्य पूर्व और अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं।

गौरतलब है कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के समाप्त होने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। इस बीच रूस ने मध्यस्थता की पेशकश की है। मॉस्को का यह कदम क्षेत्रीय शत्रुता को जल्द खत्म करने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आह्वान के बाद सामने आया है। सरकारी समाचार एजेंसी इंटरफैक्स के हवाले से पता चला है कि पुतिन ने कहा कि वे क्षेत्रीय नेताओं से संपर्क बनाए हुए हैं और मॉस्को क्षेत्र में शांति बहाल करने में मदद करने को पूरी तरह तैयार है।

वहीं, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि राष्ट्रपति पुतिन बढ़ते संघर्ष के बीच क्षेत्रीय नेताओं के साथ अपने संपर्क जारी रखे हुए हैं। पेस्कोव ने कहा कि राष्ट्रपति इन संपर्कों को बनाए हुए हैं। यदि किसी भी रूप में हमारी सेवाओं की जरूरत पड़ी, तो हम निश्चित रूप से अपना योगदान देंगे ताकि सैन्य स्थिति जल्द से जल्द शांतिपूर्ण रास्ते पर आ सके।

ईरान ने युद्धविराम के लिए रखीं चार प्रमुख मांगें

इस बीच, रूस में ईरान के राजदूत काजेम जलाली ने TASS समाचार एजेंसी से बात करते हुए अमेरिका और इजरायल से क्षेत्र में स्थायी शांति बहाल करने के लिए ईरान की चार प्रमुख शर्तें बताईं। राजदूत जलाली के अनुसार...

  • आक्रामकता और आतंकवादी हमलों की निश्चित एवं पूर्ण समाप्ति
  • किसी भी प्रकार की आक्रामकता या युद्ध की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए विश्वसनीय गारंटी
  • भौतिक एवं नैतिक क्षति के लिए पूर्ण मुआवजा
  • अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से होर्मुज में ईरान के कानूनी अधिकार क्षेत्र का सम्मान करना

ये मांगें ईरानी सरकार और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 15 सूत्री शांति योजना को 'अत्यधिक' बताकर खारिज करने के बाद आई हैं। राजदूत जलाली ने कहा कि ईरान संघर्ष समाप्त करने के लिए रचनात्मक राजनयिक प्रयासों के प्रति खुला है, लेकिन किसी भी युद्धविराम या शांति प्रस्ताव में 'जमीनी हकीकतों' को ध्यान में रखा जाना चाहिए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।