Just one or two days Iran is preparing for a dangerous retaliation after the US attack एक या दो दिन बस... अमेरिका पर खतरनाक पलटवार की तैयारी में ईरान, Middle-east Hindi News - Hindustan
More

एक या दो दिन बस... अमेरिका पर खतरनाक पलटवार की तैयारी में ईरान

US attack iran: ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिका हमले के बाद पश्चिम एशिया में अस्थिरता की आशंका बढ़ गई है। अमेरिका की तरफ से दावा किया गया है कि आने वाले एक या दो दिन में ईरान अमेरिका पर पलटवार कर सकता है।

Mon, 23 June 2025 08:13 PMUpendra Thapak रॉयटर्स
share
एक या दो दिन बस... अमेरिका पर खतरनाक पलटवार की तैयारी में ईरान

अमेरिका द्वारा ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर किए गए हमलों के बाद ईरान और इजरायल जंग में नया मोड़ आ गया है। ईरान ने इस हमले के बदले में अमेरिका को चेतावनी दे दी है कि क्षेत्र में कोई भी अमेरिकी नागरिक या अमेरिकी संपत्ति सुरक्षित नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी हमले से तिलमिलाए ईरान ने अमेरिका के ऊपर संभावित जवाबी कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक दो अमेरिकी अधिकारियों ने इस मुद्दे पर बात करते हुए बताया कि अमेरिका इस मुद्दे का समाधान कूटनीति के जरिए निकालने की कोशिश कर रहा है.. लेकिन कई आकलन इस ओर इशारा कर रहे हैं कि एक या दो दिनों के अंदर ईरान मध्य-पूर्व में अमेरिकी सेना को निशाना बनाकर हमला कर सकता है।

इससे पहले, शनिवार को अमेरिका द्वारा ऑपरेशन मिडनाइट हैमर लॉन्च करके ईरान के तीन प्रमुख भूमिगत परमाणु केंद्रों को निशाना बनाया गया। अमेरिका ने अपने इस ऑपरेशन में खतरनाक बी-2 बॉम्बर विमानों का इस्तेमाल करते हुए इन परमाणु केंद्रों पर हजारों किलों के बम गिराए। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस हमले की जानकारी देते हुए कहा कि हमने वैश्विक शांति के लिए यह किया है। हमने ईरान के परमाणु संवर्धन केंद्र को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। हालांकि ईरान ने तुरंत ही इसका जवाब देते हुए कहा उसके परमाणु केंद्र को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है लेकिन इस हमले का जवाब जरूर दिया जाएगा।

ईरान की धमकी के बाद ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान से कोई युद्ध नहीं चाहता है। लेकिन अगर ईरान अमेरिका के ऊपर पलटवार करता है तो उसे इसका बहुत ही खतरनाक जवाब मिलेगा।

मध्य-पूर्व में अमेरिका के इस हमले के बाद दुनिया भर की राजनीति तेज हो गई। रूस चीन समेत कई देशों ने इसकी निंदा की तो वहीं यूरोप समेत कई देशों ने कूटनीति के जरिए मुद्दे को सुलझाने का रास्ता अपनाने के लिए कहा। हालांकि ईरान के ऊपर हुए इस हमले से सबसे ज्यादा खुश इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू नजर आए। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देते हुए कहा कि पहले सामर्थ्य का परिचय दिया जाता है उसके बाद ही शांति आती है।

आपको बता दें कि ईरान के यह तीनों ठिकाने जमीन से कई सौ मीटर गहराई पर बने हुए थे। यह इतने गहरे थे कि इजरायल या किसी अन्य देश के पास इतनी क्षमता ही नहीं है कि वह इनको नष्ट कर सकें। इसलिए जब से ईरान और इजरायल के बीच यह संघर्ष शुरू हुआ है तभी से नेतन्याहू ट्रंप को इस युद्ध में कूदने के लिए मना रहे हैं। और शनिवार की रात ऐसा हुआ भी। अमेरिकी विमानों ने ईरान की जमीन पर हजारों किलों के बम पटककर इलाके को नेस्तेनाबूद कर दिया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।