Iran war General Abdolrahim Mousavi threat Iran will attack any target belonging to Israel says now we have no limit हर इजरायली ठिकाना करेंगे खाक, ईरान के वॉर जनरल का धमकी– अब हमारी कोई सीमा नहीं, Middle-east Hindi News - Hindustan
More

हर इजरायली ठिकाना करेंगे खाक, ईरान के वॉर जनरल का धमकी– अब हमारी कोई सीमा नहीं

ईरान के वॉर जनरल मूसावी ने इजरायल को बड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अब हर इजरायली ठिकाना ईरान का टारगेट होगा, अब हमारी कोई सीमा नहीं है।

Thu, 19 June 2025 04:46 PMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान
share
हर इजरायली ठिकाना करेंगे खाक, ईरान के वॉर जनरल का धमकी– अब हमारी कोई सीमा नहीं

मध्य पूर्व में जंग का तूफान और तेज हो गया है। इजरायली हमलों से सैकड़ों ईरानियों की जान जा चुकी है, इतना ही नहीं इजरायल ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को जान से मारने की तीसरी बार धमकी दी है। मिसाइल की बौछारों और बयानों से घायल ईरान ने अब साफ कर दिया है कि उसके जवाबी हमलों की कोई सीमा नहीं होगी। ईरानी सेना के शीर्ष अधिकारी और नए चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल अब्दोलरहीम मूसावी ने गुरुवार को कहा कि अब हर इज़राइली ठिकाना उनके निशाने पर है और हमलों का सिलसिला लगातार चलेगा।

उन्होंने कहा, "अल्लाह की मदद से हम ज़ायोनी शासन के हर ठिकाने पर हमला करेंगे। हमारे सामने अब कोई सीमा या रुकावट नहीं है।" यह धमाकेदार बयान उन्होंने उस समय दिया जब वह ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) की एयरोस्पेस फोर्स के एक अहम बेस का दौरा कर रहे थे। मूसावी ने जवानों के जोश और तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि अब ईरानी सेना पूरी तरह युद्ध मोड में आ चुकी है।

सेजिल मिसाइल से सीधा संदेश

जनरल मूसावी ने खुलासा किया कि बीते दिनों में इज़रायल पर जो हमले किए गए, उनमें IRGC की लंबी दूरी की ‘सेजिल’ मिसाइलें इस्तेमाल की गईं — ये दो-चरणीय, भारी विस्फोटक क्षमता वाली मिसाइलें हैं जो ईरान के सबसे घातक हथियारों में गिनी जाती हैं। IRGC ने बुधवार रात पुष्टि की कि इज़रायली ठिकानों पर ये मिसाइलें दागी गई हैं। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, हमलों में तेल अवीव, हाइफा और सैन्य रडार ठिकानों को निशाना बनाया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जंग ने बदली किस्मत! कैसे ईरान युद्ध ने नेतन्याहू को इजरायल में फिर से हीरो बनाया

13 जून की रात को भड़की थी युद्ध की चिंगारी

13 जून की रात इज़रायल ने तेहरान और अन्य ईरानी शहरों पर मिसाइल हमले किए थे। इनमें कई सैन्य अधिकारी मारे गए और आवासीय इमारतों पर भी हमले हुए, जिससे आम नागरिकों की मौत हुई। ईरान ने इसे ‘सीधी आक्रामकता’ करार दिया और युद्ध की तैयारी शुरू कर दी। इसके तुरंत बाद खामेनेई ने सेना के शीर्ष स्तर पर बदलाव कर दिए और साफ शब्दों में कहा — "अब इज़रायल को बख्शा नहीं जाएगा। उसके लिए दिन नहीं, अब सिर्फ अंधेरी रातें बाकी हैं।"

जनरल मूसावी ने कहा है कि ईरान अब ‘निवारक’ नहीं, ‘दंडात्मक’ हमले करेगा। गुरुवार को यह साफ हो गया कि ईरान किसी रक्षात्मक रणनीति पर नहीं, बल्कि आक्रामक अभियान पर है। उनका यह बयान पश्चिम एशिया में युद्ध के अगले चरण की तरफ इशारा करता है — जहां टारगेटेड हमले नहीं, बल्कि पूरे सैन्य और रणनीतिक ढांचों को तबाह करने की योजना है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।