Iran wakes up to Trump threats deploys human shields on bridges and power stations ट्रंप की धमकी के बीच जागा ईरान, पुलों और बिजलीघरों पर मानव ढाल; अब क्या करेगा अमेरिका?, Middle-east Hindi News - Hindustan
More

ट्रंप की धमकी के बीच जागा ईरान, पुलों और बिजलीघरों पर मानव ढाल; अब क्या करेगा अमेरिका?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के साए में ईरान जाग उठा है। हजारों युवा, महिलाएं और आम नागरिक, मंगलवार को पुलों व बिजलीघरों के चारों ओर ढाल बनकर खड़े हो गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने संदेश भी दे दिया कि वे किसी की धमकी से डरते नहीं हैं…

Tue, 7 April 2026 10:54 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
ट्रंप की धमकी के बीच जागा ईरान, पुलों और बिजलीघरों पर मानव ढाल; अब क्या करेगा अमेरिका?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के साए में ईरान जाग उठा है। हजारों युवा, महिलाएं और आम नागरिक, मंगलवार को पुलों व बिजलीघरों के चारों ओर ढाल बनकर खड़े हो गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने संदेश भी दे दिया कि वे किसी की धमकी से डरते नहीं हैं, और स्थिति में देश के साथ हैं। ईरान के सरकारी मीडिया ने मंगलवार को बताया कि देश भर में पुलों और बिजली उत्पादन केंद्रों पर हजारों ईरानी नागरिक एकत्र होकर मानव श्रृंखला बना रहे हैं। इसका मकसद इन महत्वपूर्ण स्थलों को संभावित हमलों से बचाना है।

दरअसल, यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दी गई कड़ी चेतावनी के बाद उठाया गया है। ट्रंप ने कहा था कि अगर तेहरान उनकी मांगों पर सहमत नहीं होता, खासकर होर्मुज स्ट्रेट को खोलने संबंधी, तो ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों समेत महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमला किया जाएगा। वहीं, प्रेस टीवी द्वारा जारी किए गए फुटेज में बिजली संयंत्रों और पुलों के बाहर झंडे थामे हजारों लोगों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। लोग इन स्थानों के चारों ओर मानव ढाल का रूप लेते हुए नजर आ रहे हैं।

बता दें कि ईरानी सरकार ने पहले ही आम नागरिकों, युवाओं, कलाकारों और खिलाड़ियों से इस अभियान में शामिल होने का आग्रह किया था। युवा एवं किशोर परिषद के सचिव अलीरेजा रहीमी ने विशेष रूप से युवाओं से महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की रक्षा के लिए मानव श्रृंखला बनाने का आह्वान किया। रहीमी ने कहा था कि यह विचार मूल रूप से युवाओं का ही था। उन्होंने बताया कि कई विश्वविद्यालयों के युवाओं, युवा कलाकारों और युवा संगठनों ने प्रस्ताव दिया कि हम देश के बिजली संयंत्रों के चारों ओर मानव घेरा या मानव श्रृंखला बनाएं।

उन्होंने आगे कहा कि 'उज्ज्वल भविष्य के लिए ईरान के युवाओं की मानव श्रृंखला' नामक इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और दृढ़ संकल्प को प्रदर्शित करना है। दूसरी ओर ईरानी अधिकारियों के अनुसार, यह पहल देश के राष्ट्रीय संपत्तियों की रक्षा और युवाओं की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

ट्रंप ने ईरान को दी है कड़ी चेतावनी

वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो सकता है, जिसे कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। उन्होंने ईरान के सामने आत्मसमर्पण का आखिरी मौका देते हुए कहा कि वाशिंगटन समय के अनुसार रात 8 बजे ( ET) की डेडलाइन से पहले अगर ईरान समझौते पर सहमत हो जाता है तो यह स्थिति टाली जा सकती है। ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज रात एक पूरी सभ्यता मर जाएगी, जिसे कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद ऐसा ही होगा।

ट्रंप की ओर से यह चेतावनी ईरान को दी गई समय-सीमा से करीब 12 घंटे पहले आई है। समय-सीमा के अनुसार, ईरान को होर्मुज को फिर से खोलने समेत एक व्यापक समझौते पर सहमत होना होगा, अन्यथा उसे अमेरिकी दंडात्मक हमलों का सामना करना पड़ सकता है। इन हमलों में ईरान के पावर प्लांट्स, ब्रिजेस और अन्य महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाए जाने की आशंका है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।