Who Killed Encounter Specialist Daya Nayak Informer A 27-Year-Old Revenge Exacted एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक के मुखबिर को किसने मारा? लिया 27 साल पुराना बदला, Maharashtra Hindi News - Hindustan
More

एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक के मुखबिर को किसने मारा? लिया 27 साल पुराना बदला

तकनीकी निगरानी की मदद से मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने उनका पीछा किया और चार दिनों के भीतर उन्हें नागपुर से धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

Sat, 25 April 2026 10:51 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक के मुखबिर को किसने मारा? लिया 27 साल पुराना बदला

मुंबई के नागपाड़ा इलाके में हुई 78 वर्षीय इकबाल इब्राहिम सेलिया की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस हत्या के पीछे कोई वर्तमान विवाद नहीं, बल्कि 27 साल पुराना बदला था। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में गैंगस्टर सादिक कालिया के भतीजे सादिक जावर और उसके साथी नौशाद मिठानी को नागपुर से गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला?

20 अप्रैल की शाम जब इकबाल सेलिया अपने घर में अकेले थे, दो हमलावरों ने उन पर तेज धार वाले हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना भीषण था कि सेलिया के शरीर पर 20 से अधिक वार किए गए। जब सेलिया की पत्नी और बेटा घर लौटे, तो उन्होंने उन्हें खून से लथपथ पाया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी सादिक जावर अब 27-28 वर्ष का है। अपने चाचा सादिक कालिया की मौत का बदला लेना चाहता था। जावर का मानना था कि इकबाल सेलिया ही वह मुखबिर था, जिसकी सूचना पर 1999 में दादर में उसके चाचा का एनकाउंटर हुआ था।

सादिक कालिया 90 के दशक में छोटा शकील गिरोह का एक खूंखार शार्पशूटर था। पुलिस के अनुसार, कालिया कालाचौकी इलाके में जूते बेचकर गुजारा करता था, लेकिन दाउद इब्राहिम के गुर्गों को हफ्ता देने से इनकार करने के बाद वह छोटा शकील की नजरों में आया और गैंग में शामिल हो गया।

1999 में एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक की टीम ने दादर में कालिया को एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। कालिया वहां कथित तौर पर एक बड़े राजनीतिक नेता की हत्या करने आया था। उस वक्त आरोपी सादिक जावर की उम्र महज दो साल थी, लेकिन वह इसी बदले की आग में बड़ा हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया कि जावर और मिठानी ने रेकी करने के बाद 20 अप्रैल की शाम 6:45 बजे सेलिया के घर में प्रवेश किया। सीसीटीवी कैमरों ने उनकी गतिविधियों को कैद कर लिया था। हत्या के बाद आरोपी एंटॉप हिल और विद्याविहार गए। वहां से कल्याण पहुंचकर उन्होंने एक निजी वाहन किराए पर लिया और रात भर सफर करके मुंबई से 700 किमी दूर नागपुर भाग गए।

तकनीकी निगरानी की मदद से मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने उनका पीछा किया और चार दिनों के भीतर उन्हें नागपुर से धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।