‘विलय का कोई प्रस्ताव नहीं’ सुले ने कांग्रेस-NCP(SP) 'मर्जर' की अटकलों किया खारिज
सांसद सुप्रिया सुले ने एनसीपी शरद गुट की कांग्रेस के साथ विलय की खबरों को खारिज कर दिया है। पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुले ने कहा कि इस बारे में न तो कांग्रेस की तरफ से कोई प्रस्ताव आया है और न ही पार्टी में चर्चा हुई है।

कांग्रेस और राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के विलय की अटकलों को सांसद सुप्रिया सुले ने खारिज कर दिया है। शनिवार को मीडिया से बात करते हुए NCP(SP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुले ने कहा कि न तो ऐसा कोई प्रस्ताव कांग्रेस पार्टी की तरफ से आया है और न ही ऐसे किसी प्रस्ताव पर पार्टी के भीतर चर्चा हुई है। बता दें, पिछले कई दिनों से इस तरीके की चर्चा जारी है कि तृणमूल कांग्रेस और एनसीपी एसपी जल्दी ही कांग्रेस पार्टी में विलय कर सकती हैं। हालांकि, पहले टीएमसी और अब एनसीपी एसपी ने ऐसी संभावनाओं को खारिज कर दिया।
शनिवार को मीडिया से बात करते हुए सुले ने विलय के सवालों पर भी जवाब दिया। उन्होंने बताया कि न तो उन्हें, न ही पार्टी प्रमुख शरद पवार या जयंत पाटिल और शशिकांत शिंदे जैसे अन्य वरिष्ठ नेताओं को ऐसे किसी प्रस्ताव के बारे में जानकारी है। उन्होंने कहा, "हमें नहीं पता ऐसी अफवाहों की शुरुआत कहां से हुई है। क्योंकि किसी ने हमसे संपर्क नहीं किया है और न ही हमें कोई प्रस्ताव दिया है, और न ही हमने किसी से संपर्क किया है या किसी को कोई प्रस्ताव दिया है।"
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष ने किया था दावा
बता दें, इन बातों की शुरुआत महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले के एक बयान के बाद शुरू हुई थी। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि वरिष्ठ नेता शरद पवार ने कांग्रेस के साथ विलय करने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि किन्हीं कारणों की वजह से इनमें देरी हो रही है।नाना पटोले के इन बयानों के बाद शिवसेना उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने भी इस पर बयान जारी करते हुए कहा था कि भाजपा से लड़ने के लिए कांग्रेस से अलग हुईं पार्टियों को कांग्रेस के साथ विलय कर लेना चाहिए।
CM फडणवीस का संजय राउत पर निशाना
बाद में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संजय राउत पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनका कांग्रेस और उन छोटी पार्टियों से कोई लेना देना नहीं है वह भी विलय की बातें कर रहे हैं। इतना ही नहीं महाराष्ट्र सीएम ने कांग्रेस को डूबता हुआ जहाज करार देते हुए कहा था कि यह नेता (शरद पवार और ममता बनर्जी) समझदार हैं यह डूबते हुए जहाज की सवारी नहीं करेंगे।
इससे पहले, पश्चिम बंगाल चुनाव हारने के बाद टूट की कगार पर आई ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के भी कांग्रेस में विलय की खबरें आई थीं। हालांकि, बाद में दोनों ही पक्षों ने ऐसी किसी भी बातचीत से इनकार किया था।




साइन इन