sharad pawar admit in pune hospital amid ajit pawar terahanvi अजित पवार की तेरहवीं के बीच बीमार हुए शरद पवार, अस्पताल में एडमिट, Maharashtra Hindi News - Hindustan
More

अजित पवार की तेरहवीं के बीच बीमार हुए शरद पवार, अस्पताल में एडमिट

अजित पवार की आज तेरहवीं थी और इस मौके पर शरद पवार को वहां रहना था। लेकिन वह सुबह से ही तबीयत खराब होने के चलते परेशान थे और अंत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

Mon, 9 Feb 2026 03:09 PMSurya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, मुंबई
share
अजित पवार की तेरहवीं के बीच बीमार हुए शरद पवार, अस्पताल में एडमिट

एनसीपी-एसपी के नेता शरद पवार को अस्पताल में एडमिट कराया गया है। वह बारामती में थे और इसी दौरान उन्हें गले में इंफेक्शन की समस्या हुई। इसके बाद उन्हें पुणे के रूबी हॉल अस्पताल में एडमिट कराया गया है। उनके भतीजे अजित पवार की आज तेरहवीं थी और इस मौके पर शरद पवार को वहां रहना था। लेकिन वह सुबह से ही तबीयत खराब होने के चलते परेशान थे और अंत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। शरद पवार और उनके परिवार के सदस्यों को अजित पवार की तेरहवीं में आज पहुंचना था, लेकिन सीनियर पवार सुबह से ही अस्वस्थ महसूस कर रहे थे।

जानकारी मिली है कि वह पिछले एक या दो दिन से बुखार, खांसी और बलगम से पीड़ित थे। आज सुबह जब समस्या ज्यादा बढ़ गई तो उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। आज बारामती तालुका के काठेवाड़ी में दिवंगत नेता अजित पवार की तेरहवीं है। रूबी हॉल क्लीनिक के डॉक्टर ग्रांट ने भी शरद पवार के अस्पताल में एडमिट होने की बात को स्वीकार किया है। बता दें कि अजित पवार का जनवरी के आखिरी सप्ताह में प्लेन क्रैश में निधन हो गया था। यह हादसा तब हुआ था, जब वह जिला परिषद चुनाव के प्रचार के लिए बारामती पहुंच रहे थे। यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा ऐसे वक्त में हुआ, जब एनसीपी के दोनों धड़ों के विलय की बात कही जा रही थी।

अब उनकी मौत के बाद इस बात को लेकर भी कयास लग रहे हैं कि क्या अब भी एनसीपी के दोनों गुटों की एकजुटता की संभावना है। अजित पवार गुट के ज्यादातर नेताओं ने इस बात से इनकार किया है। वहीं शरद पवार के करीबी और उनके पोते रोहित पवार का कहना है कि सुनेत्रा ताई ही इस संबंध में फैसला लेंगी। उन्होंने कहा कि 9 फरवरी को अजित पवार की तेरहवीं है और उसके बाद ही सुनेत्रा ताई इस मामले में बात करेंगी। गौरतलब है कि सीएम देवेंद्र फडणवीस से जब इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि एनसीपी के विलय को लेकर कोई फैसला लेने का अधिकार सुनेत्रा ताई के पास ही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:NCP विलय की चर्चा के बीच सुनेत्रा पवार के घर पहुंचे शरद पवार, बंद रूम में मीटिंग