महाराष्ट्र के मंत्री का हेलीकॉप्टर भटका रास्ता, हेलीपैड की जगह पार्किंग में उतरा; जांच के आदेश
महाराष्ट्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। फडणवीस सरकार में मंत्री छगन भुजबल का हेलीकॉप्टर हेलीपैड की जगह पार्किंग लॉट में लैंड करने से अफरा-तफरी मच गई। मामला शनिवार सुबह का है।

महाराष्ट्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। फडणवीस सरकार में मंत्री छगन भुजबल का हेलीकॉप्टर हेलीपैड की जगह पार्किंग लॉट में लैंड करने से अफरा-तफरी मच गई। मामला शनिवार सुबह का है। हेलीकॉप्टर तय हेलीपैड से करीब एक किलोमीटर दूर पुणे के पुरंदर इलाके में उतरा। फिलहाल इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। लेकिन डिप्टी सीएम अजीत पवार की प्लेन क्रैश में मौत के तीन महीने के अंदर हुई इस घटना के चलते फिर से डर का माहौल है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
क्या बोले भुजबल
भुजबल ने कहाकि मेरे पायलट ने गलत जगह पार्किंग लॉट में लैंड किया। हम सभी सुरक्षित हैं। भुजबल वहां, सामाजिक कार्यकर्ता ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहाकि वे इस मामले की रिपोर्ट सिविल एविएशन महानिदेशालय को देंगे। इस मामले में पायलट पर भी ऐक्शन लिया जाएगा। वहीं, पायलट, क्रू या हेलीकॉप्टर संचालित करने वाली कंपनी से अभी तक कोई बयान नहीं आया है।
हेलीकॉप्टर के लिए कैसे तय होता है हेलीपैड
जब भी किसी हेलीकॉप्टर को किसी निश्चित क्षेत्र में उतरना होता है, तो स्थानीय लोक निर्माण विभाग हेलीकॉप्टर के क्रू को अक्षांश और देशांतर देता है। पुणे जिला पुलिस ने कहाकि उन्होंने एक हेलीपैड तैयार किया था। क्रू को इसके बारे में पता था, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज किया। जब हेलीकॉप्टर पार्किंग लॉट में उतरा, तो धूल का भारी बादल था।
अजीत पवार की मौत के बाद डर
इस घटना के बाद अच्छा-खासा पैनिक हो गया। लोगों को 28 जनवरी, 2026 को बारामती हवाई अड्डे पर चार्टर के क्रैश होने की घटना याद आ गई। इस हादसे में तत्कालीन डिप्टी सीएम अजित पवार और चार अन्य लोग मारे गए थे। सीसीटीवी फुटेज में विमान को पलटते और नियंत्रित खोते हुए विस्फोट होते दिखाया गया। 66 वर्षीय पवार बारामती आ रहे थे। उन्हें जिला परिषद चुनाव से पहले एक सार्वजनिक रैली में शामिल होना था। इस मामले की जांच में कई सिस्टेमैटिक फेल्योर सामने आई हैं।




साइन इन