Maharashtra CM wife Amruta Fadnavis seen cycling on the roads PM Modi appeal has an impact सड़कों पर साइकिल चलाती दिखीं महाराष्ट्र सीएम की पत्नी अमृता, पीएम मोदी की अपील का असर, Maharashtra Hindi News - Hindustan
More

सड़कों पर साइकिल चलाती दिखीं महाराष्ट्र सीएम की पत्नी अमृता, पीएम मोदी की अपील का असर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल बचाने की अपील का अनुसरण करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने साइकिल के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब से वह 5 से 7 किलोमीटर के अंदर किसी भी काम को साइकिल से ही पूरा करेंगीं।

Wed, 27 May 2026 08:44 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
सड़कों पर साइकिल चलाती दिखीं महाराष्ट्र सीएम की पत्नी अमृता, पीएम मोदी की अपील का असर

पश्चिम एशिया के संघर्ष ने पूरी दुनिया को ऊर्जा संकट में धकेल दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी संकट को देखते हुए लोगों से पेट्रोल और डीजल का उपयोग कम से कम करने का आग्रह किया था। कई नेताओं, विधायकों और मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री के आग्रह को मानते हुए अपने काफिले के आकार को छोटा कर दिया था। अब इसी क्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने साइकिल को लेकर नया ऐलान किया है।

सोशल मीडिया साइट पर अपनी लंबे फैन फॉलोइंग के लिए मशहूर अमृता फडणवीस ने एक पोस्ट के जरिए अपनी इस नई योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तेल बचाने के आग्रह से प्रभावित होकर मैंने फैसला किया है कि अब से मैं 5 से 7 किलोमीटर के दायरे वाले कामों को साइकिल से ही पूरा करूंगी। पेट्रोल और डीजल बचाने के लिए यह मेरी तरफ से यह छोटा सा कदम है। पेट्रोल बचाने के साथ ही इससे जीवनशैली बेहतर होती है। कभी-कभी कुछ अच्छे बदलाव छोटी सी चीज से शुरू होते हैं।”

बता दें, इससे पहले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से तेल बचाने और विदेश यात्रा पर न जाने की अपील की थी, तो सबसे पहले अमृता फडणवीस ने ही अपनी खाड़ी देशों को यात्रा को कैंसिल कर दिया था। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया साइट पर पोस्ट करते हुए कहा था कि देश से बढ़कर कुछ भी नहीं होता है। प्रधानमंत्री मोदी ने विदेश यात्रा से बचने की अपील की है। ऐसे में वह भी अपनी विदेश यात्रा कैंसिल कर रही हैं। अमृता के इस फैसले को सोशल मीडिया साइट पर उनके समर्थकों ने काफी सराहा था।

बता दें ईरान में चल रहे संकट की वजह से होर्मुज स्ट्रेट से तेल के जहाजों का निकलना मुश्लिक हो गया है। इसकी वजह से वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के भी पार पहुंच गई है। पिछले दो महीने से इन कीमतों के लगातार ऊपर रहने की वजह से तेल कंपनियों ने भी अब दाम बढ़ाना शुरू कर दिया है। पिछले 25 दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम 4 बार बढ़ाए जा चुके हैं। सरकार की तरफ से लगातार लोगों से कम से कम तेल का उपयोग करने का अनुरोध किया जा रहा है।