Woman ends life after fight with mother-in-law over ghee in Shivpuri MP MP के शिवपुरी में हैरान करने वाली घटना; बेटे ने मां को घी लाकर दिया तो बहू ने कर ली खुदकुशी, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

MP के शिवपुरी में हैरान करने वाली घटना; बेटे ने मां को घी लाकर दिया तो बहू ने कर ली खुदकुशी

धनपाल की मां ने अपनी बहू सोनम से थोड़ा घी मांगा। जिसे देने से बहू ने इनकार कर दिया। लेकिन पति के कहने पर उसने जैसे-तैसे लगभग 100 ग्राम घी दे भी दिया। हालांकि इसके बाद पत्नी की इच्छा नहीं होने के बावजूद धनपाल अपनी मां को देने के लिए और घी ले आया।

Fri, 16 Jan 2026 12:29 AMSourabh Jain पीटीआई, शिवपुरी, मध्य प्रदेश
share
MP के शिवपुरी में हैरान करने वाली घटना; बेटे ने मां को घी लाकर दिया तो बहू ने कर ली खुदकुशी

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां पर घी को लेकर सास के साथ हुए झगड़े के बाद बहू ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इस बारे में जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिले के इंदर पुलिस थाना क्षेत्र के इमलाउदी गांव में गुरुवार को हुई। मृतक महिला की पहचान सोनम जाटव के रूप में हुई है।

इंदर थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने इस बारे में पीटीआई को जानकारी देते हुए बताया कि मृतक सोनम की शादी साल 2018 में धनपाल नाम के शख्स से हुई थी और इस कपल के दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। उसके पति ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि संयुक्त परिवार में होने वाली खटपट से परेशान होकर सोनम ने अपना किचन अलग करते हुए घर में अलग खाना बनाना शुरू कर लिया था।

इसी बीच गुरुवार की सुबह धनपाल की मां ने अपनी बहू सोनम से थोड़ा घी मांगा। जिसे देने से बहू ने इनकार कर दिया। लेकिन पति के कहने पर उसने जैसे-तैसे लगभग 100 ग्राम घी दे भी दिया। हालांकि इसके बाद पत्नी की इच्छा नहीं होने के बाद भी धनपाल अपनी मां को देने के लिए और घी ले आया। इसके बाद दोनों महिलाओं के बीच नया झगड़ा शुरू हो गया।

पुलिस के अनुसार इसी बात से गुस्सा होकर सोनम ने कथित रूप से घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसके बाद महिला का पति धनपाल पहले उसे पहले पचावली के एक अस्पाल लेकर गया, और फिर वहां से उसे शिवपुरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।