Wife Lover Killed Husband in MP Shivpuri जिस दोस्त को घर बुलाया, उसी ने कर दी हत्या; MP के शिवपुरी में पत्नी के प्रेमी की खौफनाक साजिश, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

जिस दोस्त को घर बुलाया, उसी ने कर दी हत्या; MP के शिवपुरी में पत्नी के प्रेमी की खौफनाक साजिश

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तलवेंऊ गांव के पास खाती बाबा मंदिर के समीप पहाड़िया पर जंगल में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

Tue, 20 Jan 2026 07:58 PMAditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान, शिवपुरी
share
जिस दोस्त को घर बुलाया, उसी ने कर दी हत्या; MP के शिवपुरी में पत्नी के प्रेमी की खौफनाक साजिश

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तलवेंऊ गांव के पास खाती बाबा मंदिर के समीप पहाड़िया पर जंगल में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की हत्या कर शव को गड्ढे में पत्थरों से ढककर दफनाया गया था। मामले का खुलासा तब हुआ, जब राजगढ़ जिले की खिलचीपुर थाना पुलिस ने दतिया जिले के एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर दिनारा और खिलचीपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शव बरामद किया।शव का पोस्टमॉर्टम करेरा में कराया। आगे की कार्रवाई खिलचीपुर थाना पुलिस करेगी। इसके चलते पोस्टमॉर्टम कराकर शव और पकड़े गए आरोपी को राजगढ़ ले जाया जाएगा।

जानकारी के अनुसार राजगढ़ जिले के बमौरी गांव, थाना तलेंन का रहने वाला 26 साल का जीवन कुमार यादव, पिता जगदीश यादव, मजदूरी के सिलसिले में अपनी पत्नी के साथ खिलचीपुर क्षेत्र में रह रहा था। इसी दौरान करीब सात महीने पहले उसकी पहचान करेरा थाना क्षेत्र के नारही गांव निवासी छोटू ठाकुर से हुई। दोस्ती बढ़ने के बाद छोटू ठाकुर का जीवन के घर आना जाना शुरू हो गया।बताया जा रहा है कि इसी दौरान छोटू ठाकुर और जीवन की पत्नी के बीच बातचीत होने लगी, जो धीरे धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई।यही बाद में इस खौफनाक साजिश का रूप ले लिया।

जीवन कुमार यादव अचानक खिलचीपुर से लापता हो गया। परिजनों ने खोजबीन के बाद 10 जनवरी को खिलचीपुर थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।पुलिस ने जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन खंगाली, जिसमें जीवन की आखिरी लोकेशन शिवपुरी जिले की सीमा से सटे दतिया जिले के पनुहा गांव क्षेत्र में मिली।लोकेशन के आधार पर जब खिलचीपुर पुलिस पनुहा गांव पहुंची तो वहां अजय जाटव नाम के युवक को संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लिया गया।सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

जांच में सामने आया कि छोटू ठाकुर का जिगरी दोस्त छोटू जाटव था, और छोटू जाटव के मामा अजय जाटव दतिया जिले के पनुआ गांव के निवासी हैं। छोटू ठाकुर भी अजय जाटव को मुंह बोला मामा मानता था।8 जनवरी को छोटू ठाकुर ने योजनाबद्ध तरीके से जीवन कुमार यादव को अजय जाटव के गांव पनुआ बुलाया।वहां से तीनों उसे दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम तलवेंऊ के पास खाती बाबा मंदिर की पहाड़िया पर जंगल में ले गए।आरोप है कि पहले जीवन को शराब पिलाई गई, फिर शाफी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।हत्या के बाद शव को फॉरेस्ट विभाग द्वारा पानी सोखने के लिए खोदे गए एक गड्ढे में डालकर ऊपर से पत्थरों से ढक दिया गया, ताकि किसी को शक न हो।

अजय जाटव की निशानदेही पर खिलचीपुर और दिनारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गड्ढे से शव बरामद किया।शव को पोस्टमॉर्टम के लिए करेरा भेजा गया है।खिलचीपुर थाना पुलिस आरोपी अजय जाटव और शव को लेकर राजगढ़ के लिए रवाना होगी और आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।